लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती |
सीवान, बृहस्पतिवार: जिले के बिन्दुसार हमीद गांव स्थित शिव मंदिर परिसर में आयोजित 9 दिवसीय प्रतिष्ठात्मक श्री रूद्र महायज्ञ के अवसर पर बृहस्पतिवार को भव्य नगर भ्रमण यात्रा निकाली गई। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया।
महायज्ञ के मुख्य आचार्य दुर्गेश कुमार चौबे (राजा बाबू) के निर्देशन में निकली नगर भ्रमण यात्रा शिव मंदिर बिन्दुसार से प्रारंभ होकर रसूलपुर, आकोपुर पूरब टोला, पश्चिम टोला, हाकाम और ओरमा गांव होते हुए बांसोपली पहुंची। वहां दाहा नदी से श्रद्धालुओं ने जल भरकर पुनः शिव मंदिर लौटकर यात्रा का समापन किया।
नगर भ्रमण यात्रा में मुख्य यजमान शैलेन्द्र पाण्डेय, रिधेश प्रसाद, राजीव पाण्डेय, धर्मेंद्र पाण्डेय, भोला पाण्डेय, प्रमोद, नरेश, रजनीश, गुड्डू तथा दुलु पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा में हजारों महिला श्रद्धालुओं की सहभागिता विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। पूरे मार्ग में भक्तों द्वारा भक्ति गीत और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। यह 9 दिवसीय प्रतिष्ठात्मक श्री रूद्र महायज्ञ धार्मिक अनुष्ठानों और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न किया जा रहा है, जिसमें दूर-दराज के श्रद्धालु भी भाग ले रहे हैं।







