लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती।
सीवान। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट सीवान और जीआरपी सीवान की संयुक्त टीम ने सोमवार को सीवान रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन से यात्रियों के सामान की चोरी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी के तीन मोबाइल फोन और एक पावर बैंक बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है।
रेलवे सुरक्षा बल के अनुसार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी और सहायक सुरक्षा आयुक्त छपरा के दिशा-निर्देशन तथा आरपीएफ पोस्ट सीवान के प्रभारी निरीक्षक के पर्यवेक्षण में संयुक्त टीम सोमवार को प्लेटफॉर्म संख्या तीन के पश्चिमी स्टॉल के पास जांच कर रही थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर एक युवक की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से विभिन्न कंपनियों के तीन मोबाइल फोन और एक पावर बैंक बरामद हुआ।
गिरफ्तार युवक की पहचान मैरवा थाना क्षेत्र के नवका टोला निवासी खुशबूद्दीन अंसारी के पुत्र सलमान अंसारी (19) के रूप में हुई है। पूछताछ में युवक ने बरामद मोबाइल को अलग-अलग ट्रेनों से चोरी करने की बात स्वीकार की है।
बरामद सामान में वीवो, ओप्पो और मोटोरोला कंपनी के एक-एक मोबाइल तथा एक पावर बैंक शामिल है। रेल थाना सीवान में मामले को लेकर कांड संख्या 149/26 के तहत बीएनएस की धारा 317(5) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
कार्रवाई में आरपीएफ व जीआरपी के उपनिरीक्षक जयेन्द्र कुमार मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह व शैलेन्द्र पाण्डेय, हेड कांस्टेबल ओम प्रकाश मिश्रा तथा कांस्टेबल विनोद कुमार वर्मा, विजय कुमार यादव और नीरज कुमार पाण्डेय शामिल रहे।







