लोकल डेस्क, आर्या कुमारी।
सीवान/दारौंदा: उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में गुरुवार को स्थानांतरित हुए दो शिक्षकों के सम्मान में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक हरिचरण यादव ने की। समारोह में शिक्षक जितेंद्र कुमार यादव एवं ब्रजेश कुमार को अंगवस्त्र भेंट कर तथा फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया गया। उपस्थित शिक्षकों ने उनके शैक्षणिक योगदान की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर शिक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें लगभग आठ वर्षों तक विद्यालय में बच्चों को पढ़ाने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों और सहकर्मी शिक्षकों से मिला स्नेह व सम्मान उनके लिए हमेशा स्मरणीय रहेगा। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित रहे। इसके साथ ही आसपास के विद्यालयों के शिक्षक भी समारोह में शामिल होकर स्थानांतरित शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं।







