लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती |
सीवान : दारौंदा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अभूई झोर पुल के समीप 60 लीटर देसी महुआ शराब के साथ दो शराब धंधेबाजों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शराब ढोने में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार की शाम पुलिस अवर निरीक्षक मोहन कुमार निराला एवं पुलिस बल के साथ अवैध शराब के विरुद्ध छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सूचना मिली कि एक हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति अभूई की ओर से झोर पुल के रास्ते बड़ी मात्रा में देसी महुआ शराब लेकर जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने अभूई झोर पुल के पास वाहन जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान महाराजगंज थाना क्षेत्र के इन्दौली निवासी धनंजय चौधरी और उपेंद्र महतो के रूप में हुई। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर रखे प्लास्टिक के बोरे और डिक्की से कुल 60 लीटर देसी महुआ शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब के साथ ही हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल (बीआर-29के-6233) भी जब्त कर ली। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।







