स्पोर्ट्स डेस्क, शिवेश कुमार शौर्य।
सेमीफाइनल की टिकट पर टीम इंडिया की नजर, हॉन्गकॉन्ग से जीतते ही अंतिम-4 में जगह पक्की
Women's Asia Cup 2026: महिला एशिया कप में शानदार शुरुआत करने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम आज अपने दूसरे मुकाबले में हॉन्गकॉन्ग के सामने होगी। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में टीम इंडिया की नजर लगातार दूसरी जीत पर होगी। भारत अगर हॉन्गकॉन्ग को हरा देता है तो उसके खाते में 4 अंक हो जाएंगे और सेमीफाइनल का टिकट पक्का हो जाएगा। मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 8 बजे शुरू होगा।
भारत ने टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में थाईलैंड को 94 रन से हराकर शानदार आगाज किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 159/9 रन बनाए, जिसके जवाब में थाईलैंड की टीम 65 रन पर सिमट गई। अब हरमनप्रीत कौर की टीम उसी लय को हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ भी बरकरार रखना चाहेगी।
जीतते ही सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा भारत
ग्रुप-A में भारत के साथ पाकिस्तान, थाईलैंड और हॉन्गकॉन्ग हैं। भारत ने एक मैच में जीत के साथ 2 अंक हासिल किए हैं और बेहतर नेट रन रेट के कारण वह ग्रुप में शीर्ष पर है। थाईलैंड भी 2 अंक लेकर भारत के पीछे है, जबकि हॉन्गकॉन्ग और पाकिस्तान के खाते में फिलहाल अंक नहीं हैं।
भारत के लिए आज का मुकाबला इसलिए बेहद अहम है, क्योंकि जीत के साथ उसके 4 अंक हो जाएंगे। थाईलैंड अपने दो मैच खेल चुका है, इसलिए वह अब अधिकतम 2 अंक तक ही पहुंच सकता है। ऐसे में भारत की जीत उसे सेमीफाइनल की दौड़ में सुरक्षित स्थिति में पहुंचा देगी। पाकिस्तान के पास ही इसके बाद 4 अंक तक पहुंचने का मौका रहेगा।
ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। भारत को ग्रुप चरण में इसके बाद 5 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला खेलना है।
शेफाली ने पहले मैच में दिखाया था तूफानी अंदाज
भारत की बल्लेबाजी में सबसे ज्यादा नजरें शेफाली वर्मा पर रहेंगी। थाईलैंड के खिलाफ पिछले मैच में उन्होंने सिर्फ 36 गेंदों पर 64 रन की शानदार पारी खेली थी। शेफाली ने अपनी पारी में 8 चौके और 3 छक्के लगाए और भारत को तेज शुरुआत दिलाई।
हालांकि भारत की पारी बीच के ओवरों में लड़खड़ा गई थी। एक समय टीम 100 रन के पार तेजी से बढ़ रही थी, लेकिन इसके बाद विकेटों का सिलसिला शुरू हो गया। भारत ने 159/9 पर पारी खत्म की। ऐसे में हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजों की कोशिश होगी कि अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदला जाए।
शेफाली के साथ स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर पर भी बड़ी जिम्मेदारी होगी। मंधाना ने थाईलैंड के खिलाफ तेज शुरुआत की थी, जबकि युवा प्रतिका रावल ने अपने टी20 इंटरनेशनल डेब्यू में 18 गेंदों पर 22 रन बनाए।
दीप्ति के सामने एक और बड़ा मौका
भारत की गेंदबाजी ने थाईलैंड के खिलाफ मैच को एकतरफा बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। दीप्ति शर्मा और नंदिनी शर्मा ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि श्री चरणी ने भी दो विकेट चटकाए। थाईलैंड की पूरी टीम 65 रन पर आउट हो गई।







