लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान | दरौंदा थाना क्षेत्र से 12 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी के परिजनों ने थाना में आवेदन देकर उसकी सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। आवेदन के आधार पर पुलिस मामले की जांच करते हुए किशोरी की तलाश में जुट गई है।
परिजनों के अनुसार, 10 अगस्त की सुबह करीब 9:30 बजे किशोरी घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। इसके बाद वह न तो स्कूल पहुंची और न ही वापस घर लौटी। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने आसपास के इलाकों के साथ रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका।
किशोरी के अचानक लापता होने से परिजन काफी चिंतित हैं। काफी खोजबीन के बाद भी पता नहीं चलने पर परिजनों ने दरौंदा थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही किशोरी की सकुशल बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है। परिजनों ने पुलिस से किशोरी को जल्द बरामद करने की मांग की है।







