स्टेट डेस्क, रानी कुमारी।
दरभंगा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (एलएनएमयू), दरभंगा में विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। विश्वविद्यालय मुख्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
ध्वजारोहण के बाद कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और अमर बलिदानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और अदम्य साहस के कारण ही आज देशवासी स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर देता है।
कुलपति ने कहा कि आजादी के समय भारत की आर्थिक और सामाजिक स्थिति काफी चुनौतीपूर्ण थी, लेकिन देश ने लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ते हुए कई उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि पंचवर्षीय योजनाओं सहित विभिन्न विकास कार्यक्रमों के माध्यम से देश ने शिक्षा, अर्थव्यवस्था, विज्ञान और अन्य क्षेत्रों में निरंतर प्रगति की है। आज भारत दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
उन्होंने विश्वविद्यालय के विकास को लेकर भी अपनी प्राथमिकताएं सामने रखीं। कुलपति ने कहा कि अगले 10 सालों में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय को देश के श्रेष्ठ 10 विश्वविद्यालयों में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए शिक्षा की गुणवत्ता, शोध, नवाचार, विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य और विश्वविद्यालय की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
विश्वविद्यालय केवल डिग्री देने का संस्थान नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया।







