लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सीपीडीएस टीम एवं जीआरपी सीवान ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रेल यात्रियों के कीमती सामानों की चोरी करने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया सोने का लॉकेट बरामद किया है।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी के निर्देशन एवं प्रभारी निरीक्षक सीवान सुबाष चंद्र यादव के पर्यवेक्षण में 30 मई 2026 को सीवान रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-4 पर गश्त एवं आपराधिक गतिविधियों की निगरानी के दौरान यह सफलता मिली। इसी दौरान पूर्वी चंपारण जिले के हरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत तुमरिया गांव निवासी रेल यात्री पेंटर तिवारी के बच्चे के गले से सोने का लॉकेट छीनकर भाग रहे एक युवक को टीम ने खदेड़कर पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मासूम अली (19 वर्ष), पिता अनवर हुसैन, निवासी नया किला चिक टोली, थाना नगर, जिला सीवान के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी छपरा-गोरखपुर रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों एवं ट्रेनों में घूम-घूमकर यात्रियों के कीमती सामानों की चोरी करता था। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 50 हजार रुपये मूल्य का एक सोने का लॉकेट बरामद किया गया।
इस मामले में रेल थाना सीवान में आरोपी के विरुद्ध कांड संख्या 90/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में जीआरपी सीवान के पुअनि सुरेश राम, सीपीडीएस टीम के सउनि शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, आरपीएफ के सउनि छोटे लाल सिंह यादव, कांस्टेबल विजय कुमार यादव, कांस्टेबल अमरेंद्र कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल धर्म प्रकाश मिश्रा, कांस्टेबल बिन्देश्वर साह गौड़ तथा जीआरपी के सिपाही श्रवण कुमार एवं राज कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







