लोकल डेस्क, अभिलाष गुप्ता।
बीरगंज: बारा जिले के परवानीपुर गाउँपालिका वार्ड नं. 5 बहुअरी टोल स्थित स्वच्छ समाज युवा क्लब ने शनिवार को तीसरी बार एसईई परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में बहुअरी टोल के 25 विद्यार्थियों को सम्मान प्रदान किया गया।
सम्मानित विद्यार्थियों में सुषमा कुमारी पटेल, अनामिका कुमारी पटेल, आशिष पटेल, मुस्कान कुमारी, राहुल ठाकुर, राहुल कुमार, निखिल पटेल, आशिष कुमार राम सहित अन्य छात्र-छात्राएं शामिल थे। इस अवसर पर सर्वाधिक GPA प्राप्त करने वाले प्रिन्स कुमार साह को विशेष सम्मान दिया गया। साथ ही वार्ड अध्यक्ष रामेश्वर साह कलवार ने उन्हें 5 हजार रुपये नगद सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के प्रमुख अतिथि पूर्व संविधानसभा सदस्य जयप्रकाश पटेल ने स्वच्छ समाज युवा क्लब की सराहना करते हुए कहा कि क्लब लगातार एसईई उत्तीर्ण विद्यार्थियों का सम्मान कर उनका मनोबल बढ़ाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से संस्कारयुक्त उच्च शिक्षा हासिल करने का आग्रह करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं शैक्षिक कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता बताई।
समाजसेवी शिवशंकर पटेल ने बहुअरी टोल को बुद्धिजीवियों की भूमि बताते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम गांव की पहचान को और ऊंचाई प्रदान करते हैं। उन्होंने गांव से निकले डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, पत्रकार तथा विभिन्न उच्च पदों पर कार्यरत व्यक्तियों का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों को उनसे प्रेरणा लेने की सलाह दी।
इसी प्रकार समाजसेवी एवं अधिवक्ता रामचन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों को अनुशासन, बड़ों के सम्मान तथा सीखी हुई बातों को व्यवहार में उतारने की सीख दी। युवा नेता सञ्जु साह ने शिक्षा को व्यक्ति की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए विद्यार्थियों को एसईई तक सीमित न रहकर उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में प्राध्यापक डा. अर्जुन पटेल, डा. प्रमोद यादव, प्राध्यापक जितेन्द्र बर्मा, शिक्षक सतिश पटेल, वार्ड सदस्य दारा सिंह पटेल, समाजसेवी असेश्वर कुर्मी, रमेश सिंह, तेजप्रताप सिंह, जलिल देवान सहित अन्य वक्ताओं ने शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी के नेता अजय पटेल ने गरीब एवं मेहनती विद्यार्थियों को शैक्षिक सामग्री सहयोग करने की घोषणा की। वहीं हेरिटेज पब्लिक +2 मावि के संचालक मंगेश्वर यादव ने आर्थिक रूप से कमजोर तथा मेहनती विद्यार्थियों को अपने विद्यालय में निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की घोषणा की।
कार्यक्रम में क्लब के वरिष्ठ सदस्य एवं प्राध्यापक सरोज कुमार यादव को विद्यार्थियों के शिक्षण में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा शिक्षक सतिश पटेल, हेरिटेज +2 मावि के संचालक मंगेश्वर यादव, क्रियाशील युवा पत्रकार मंच के नव निर्वाचित अध्यक्ष एवं पत्रकार आनन्द पटेल तथा प्रतिनिधि सभा निर्वाचन में शांति सुरक्षा में योगदान देने वाले सई तेजप्रताप सिंह को भी सम्मानित किया गया।
क्लब के कोषाध्यक्ष मुर्तुजा आलम ने स्वागत मन्तव्य दिया, जबकि कार्यक्रम का संचालन सचिव त्रिलोक प्रताप सिंह ने किया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष उमेश साह, नमोजी साह, अखिल पटेल, सर्वेश गुप्ता, समाजसेवी रामजी सिंह, पानमती देवी, वार्ड सदस्य उषा देवी राम सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, विद्यार्थी एवं स्थानीयवासी उपस्थित थे।
भूपेन्द्र पटेल की अध्यक्षता में सम्पन्न कार्यक्रम के समापन अवसर पर अध्यक्ष पटेल ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी अतिथियों, समाजसेवियों, अभिभावकों एवं क्लब सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में युवाओं के रोजगार, स्वास्थ्य शिविर तथा खेलकूद से संबंधित कार्यक्रम संचालन करने की भी जानकारी दी। कार्यक्रम श्री विष्णु नारायण धर्मशाला में सम्पन्न हुआ।







