स्टेट डेस्क, रानी कुमारी।
पटना। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को पटना के गर्दनीबाग स्थित बापू टावर परिसर में हर्षोल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान भवन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम की शुरुआत की।
ध्वजारोहण के बाद सचिव प्रणव कुमार ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व ही नहीं, बल्कि देश की आजादी के मूल्यों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को याद करने का अवसर भी है। उन्होंने लोगों से देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाने की अपील की।
समारोह के दौरान बापू टावर परिसर में नवनिर्मित अत्याधुनिक पुस्तकालय का भी उद्घाटन किया गया। सचिव प्रणव कुमार ने फीता काटकर पुस्तकालय का शुभारंभ किया। पुस्तकालय के शुरू होने से आम लोगों और अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों को एक बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। यहां लोग विभिन्न विषयों की पुस्तकों का अध्ययन कर सकेंगे। उद्घाटन के बाद पुस्तकालय को आम जनता और अध्ययन प्रेमियों के लिए आधिकारिक रूप से खोल दिया गया।







