एंटरटेनमेंट डेस्क,श्रेयांश पराशर l
मुंबई l डेब्यू फिल्म ‘सैयारा’ से चर्चा में आईं अनीत पड्डा अब अपने करियर के अगले बड़े कदम के लिए तैयार हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह जल्द ही फिल्म ‘शक्ति शालिनी’ की शूटिंग शुरू करेंगी। यह फिल्म प्रोडक्शन हाउस के लोकप्रिय हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स का हिस्सा होगी, जिसने हाल के वर्षों में दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई है।
कहा जा रहा है कि ‘शक्ति शालिनी’ की झलक पहले ही फिल्म ‘थम्मा’ के क्लाइमैक्स में दी जा चुकी है, जिससे इस प्रोजेक्ट को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म की प्री-प्रोडक्शन लगभग पूरी हो चुकी है और पहला शूटिंग शेड्यूल तय है। अनीत मार्च से शूटिंग शुरू करेंगी। टीम ने लंबा और डिमांडिंग शेड्यूल प्लान किया है ताकि फिल्म की दुनिया को बड़े पैमाने पर तैयार किया जा सके। यह प्रोजेक्ट पहले जनवरी में शुरू होने वाला था, लेकिन बेहतर तैयारी के लिए तारीख आगे बढ़ाई गई।
कास्टिंग को लेकर भी इंडस्ट्री में चर्चा है। माना जा रहा है कि विशाल जेठवा अनीत के साथ नजर आ सकते हैं, हालांकि मेकर्स ने अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की है। निर्देशन की जिम्मेदारी आदित्य सरपोतदार संभाल सकते हैं, जिन्होंने ‘मूंंज्या’ और ‘थम्मा’ जैसी फिल्मों में हॉरर और हास्य का दिलचस्प मेल दिखाया है। रिपोर्ट्स बताती हैं कि ‘शक्ति शालिनी’ में ड्रामा का तड़का पहले से ज्यादा होगा।
वर्क फ्रंट पर अनीत का शेड्यूल व्यस्त है। वह यशराज बैनर की एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म में भी काम कर रही हैं, जिसका निर्देशन मनीष शर्मा करेंगे। इसके अलावा उन्होंने ‘Devil May Cry 2’ के लिए वॉइस वर्क भी किया है। लगातार मिल रहे बड़े प्रोजेक्ट्स से साफ है कि अनीत पड्डा नई पीढ़ी की उभरती स्टार के रूप में तेजी से अपनी जगह बना रही हैं।







