लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती।
सीवान। दारौंदा प्रखंड क्षेत्र में किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने तथा खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से 12 अगस्त को प्रखंड स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक प्रखंड प्रमुख की अध्यक्षता में प्रखंड कृषि कार्यालय के सभागार में होगी।
बैठक को लेकर प्रखंड कृषि पदाधिकारी सह सदस्य सचिव, उर्वरक निगरानी समिति की ओर से संबंधित पदाधिकारियों एवं समिति के सदस्यों को पत्र भेजकर निर्धारित समय पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। जिला कृषि पदाधिकारी के पत्रांक 1092, दिनांक 17 जून 2026 तथा पत्रांक 1379, दिनांक 5 अगस्त 2026 के संदर्भ में बैठक आयोजित की जा रही है।
बैठक में प्रखंड प्रमुख, उपप्रमुख, जिला पार्षद, बीडीओ, सीओ, बीसीईओ, किसान सलाहकार समिति के अध्यक्ष सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रखंड अध्यक्ष शामिल होंगे। बैठक में किसानों को उर्वरक की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और इससे जुड़ी समस्याओं पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए जाने की संभावना है।







