लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान : दारौंदा प्रखंड मुख्यालय में 15 जून को खरीफ कर्मशाला-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी रामवीर यादव ने दी।
उन्होंने बताया कि जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक, आत्मा, सिवान के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत खेती, गुणवत्तापूर्ण बीज चयन, उर्वरक प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने बताया कि निर्देशानुसार प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधक, कृषि समन्वयक एवं किसान सलाहकार पंचायत स्तर पर नए किसानों का चयन कर उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे। साथ ही कृषि महोत्सव के सफल आयोजन एवं विभिन्न कृषि उपादानों के वितरण के लिए लाभुक किसानों की सूची भी तैयार की जाएगी।
उन्होंने किसानों से कार्यक्रम में भाग लेकर आधुनिक कृषि तकनीकों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।







