लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दारौंदा । दिव्यांग बच्चों को सरकारी सुविधाओं से जोड़ने तथा उन्हें आवश्यक प्रमाणपत्र और सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 16 सितंबर को प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) दारौंदा में विशेष जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। दरौंदा बीईओ सौरभ सुमन ने बताया कि शिविर में 3 से 18 वर्ष आयु वर्ग के सभी श्रेणी के दिव्यांग छात्र-छात्राओं की जांच एवं मूल्यांकन किया जाएगा।
शिविर में दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनाने के साथ यूडीआईडी कार्ड के लिए आवेदन एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जांच के आधार पर जरूरतमंद बच्चों को कृत्रिम अंग सहित अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी की जाएगी।
शिविर में आने वाले बच्चों को दो पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड अथवा जन्म प्रमाणपत्र तथा ऑनलाइन आवेदन का प्रमाणपत्र साथ लाना होगा। जिन बच्चों के पास पहले से दिव्यांगता प्रमाणपत्र है, उन्हें वह भी प्रस्तुत करना होगा। जिन बच्चों का दिव्यांगता प्रमाणपत्र नहीं बना है अथवा नवीनीकरण की आवश्यकता है, उनके अभिभावकों से शिविर में शामिल होने की अपील की गई है।






