लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दरौंदा । बिहार में अब तक 1645 पंचायत सचिवों का स्थानांतरण किया जा चुका है। वहीं, स्थानांतरण से वंचित रह गए करीब 600 पंचायत सचिवों ने भी नियमानुसार स्थानांतरण की मांग की है। इस संबंध में पंचायत सचिवों ने पंचायती राज विभाग के मंत्री को पत्र भेजकर स्थानांतरित कर्मियों को शीघ्र नवपदस्थापित जिले में योगदान के लिए कार्यमुक्त करने तथा शेष पंचायत सचिवों के हित में सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का अनुरोध किया है।
पत्र में बताया गया है कि विभाग ने 4 जुलाई 2025 को पंचायत सचिवों के स्थानांतरण के लिए विनियमावली तैयार की थी। इसके बाद विभागीय पोर्टल के माध्यम से आवेदन लिए गए। 4 फरवरी 2026 को 243 तथा 7 अगस्त 2026 को 1402 पंचायत सचिवों का स्थानांतरण किया गया। इस प्रकार कुल 1645 पंचायत सचिव स्थानांतरित हो चुके हैं।
पंचायत सचिवों ने कहा कि स्थानांतरण से उन्हें गृह अथवा निकटवर्ती जिले में सेवा करने का अवसर मिला है, जिससे वे परिवार के साथ रहकर बेहतर ढंग से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे। इसके लिए विभाग के प्रति आभार भी जताया गया है।
साथ ही, विभिन्न संगठनों व व्यक्तियों की ओर से विभाग को दिए जा रहे पत्रों और दावों पर निर्णय लेने से पहले उनकी वास्तविक स्थिति एवं प्रतिनिधित्व की वैधता का सत्यापन करने का आग्रह किया गया है। पंचायत सचिव मुकेश कुमार ने बताया कि विभाग से स्थानांतरित कर्मियों को शीघ्र कार्यमुक्त करने तथा शेष करीब 600 पंचायत सचिवों के स्थानांतरण पर भी नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।






