लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/समाज सेवा, शिक्षा, जनकल्याण एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रूट केयर फाउंडेशन ने अपने बहुप्रतीक्षित सम्मान समारोह जो रविवार 19 अप्रैल हिलसर उच्च विद्यालय भगवानपुर हाट सिवान में सुबह 10:30 बजे आयोजित किया जाना है हेतु चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली है। यह चयन प्रक्रिया विभिन्न श्रेणियों में की गई, जिसमें योग्य एवं प्रेरणादायक व्यक्तित्वों का चयन अत्यंत पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से किया गया।
चयन समिति द्वारा सभी नामों का गहन मूल्यांकन करने के उपरांत अंतिम सूची को कोर कमेटी के समक्ष प्रस्तुत किया गया। कोर कमेटी के विचार-विमर्श एवं अनुमोदन के पश्चात आज संस्था के संस्थापक महोदय श्री मंजेश पांडेय द्वारा आधिकारिक रूप से चयनित प्रतिभागियों की सूची जारी की गई।
इस सम्मान समारोह के अंतर्गत निम्नलिखित श्रेणियों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा:
शिक्षा गौरव सम्मान – सेवानिवृत्त शिक्षकों को उनके शिक्षा जगत में अतुलनीय एवं अमूल्य योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
समाजसेवा गौरव सम्मान – समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को इस सम्मान से नवाजा जाएगा।
सिवान गौरव सम्मान – सिवान जिले का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने वाले प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को इस सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
पत्रकारिता गौरव सम्मान – निष्ठा, निष्पक्षता और साहस के साथ पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा।
छात्र प्रतिभा सम्मान – कक्षा 10वीं एवं 12वीं के बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों को इस सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
रूट केयर फाउंडेशन का यह प्रयास समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को पहचान देने और उन्हें सम्मानित कर प्रेरणा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। संस्था का मानना है कि ऐसे सम्मान कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणा का संचार करते हैं।
संस्था के संस्थापक श्री मंजीश पांडेय ने कहा कि, "हमारा उद्देश्य समाज के उन नायकों को मंच देना है, जो चुपचाप अपने कार्यों से समाज को बेहतर बना रहे हैं। यह सम्मान उनके प्रति हमारी कृतज्ञता का एक छोटा सा प्रयास है।"







