लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती |
सीवान : दरौंदा थाना क्षेत्र के डीबी गांव स्थित महेश तिवारी के जंगलनुमा बगीचे से करीब 250 लीटर विदेशी शराब बरामदगी मामले में पुलिस ने चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। यह कार्रवाई अपर थानाध्यक्ष मोहन कुमार निराला के लिखित बयान पर की गई है।
पुलिस ने सारण जिले के रसूलपुर थाना क्षेत्र के चांचौरा निवासी रोहित यादव तथा दरौंदा थाना क्षेत्र के नंदा टोला निवासी प्रमोद चौधरी, राजू चौधरी और पिंटू चौधरी को नामजद अभियुक्त बनाया है। पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी के दौरान सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। भागने की जल्दबाजी में वे घटनास्थल पर एक मोबाइल फोन और भारी मात्रा में विदेशी शराब छोड़ गए।
पुलिस ने बताया कि बरामद शराब में तीन बोरों में रखी बंटी बबली ब्रांड की 762 पीस (करीब 152 लीटर), ऑफिसर्स चॉइस की 138 टेट्रा पैक (करीब 25 लीटर), किंगफिशर ब्रांड की करीब 33 लीटर, रॉयल स्टैग की करीब 47 लीटर तथा रॉयल स्टैग सुपीरियर की करीब 47 लीटर विदेशी शराब शामिल है। कुल मिलाकर लगभग 250 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई।
दरौंदा पुलिस ने बताया कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है तथा शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।







