नेशनल डेस्क , रानी कुमारी।
नई दिल्ली। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर देशभर में 27 अगस्त को ‘खेलो इंडिया डायलॉग–खेल की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस राष्ट्रव्यापी पहल के तहत 1,500 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों में युवा, खिलाड़ी और नीति-निर्माता एक मंच से जुड़ेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यक्रम के दौरान उभरते युवा खिलाड़ियों और युवाओं को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन से होगी। इसके बाद देशभर में भाग लेने वाले संस्थानों में स्थानीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पहल का उद्देश्य युवाओं की आकांक्षाओं और जमीनी अनुभवों को खेल नीति तथा युवा विकास से जोड़ना है। आईआईटी, आईआईएम, एनआईटी, एम्स, प्रमुख मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय भी इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।
संवाद के दौरान युवाओं के साथ चार प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी। इनमें जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं, कोचिंग और अवसरों को मजबूत करना, 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं की पहचान और खिलाड़ियों का विकास, शासन में युवाओं की भागीदारी तथा भविष्य के लिए जरूरी कौशल, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण के अवसर शामिल हैं। युवाओं को अपने सुझाव और विचार साझा करने का भी अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम की खास बात यह होगी कि युवा खेल प्रेमियों को देश के कई दिग्गज खिलाड़ियों से सीधे संवाद का मौका मिलेगा। दीपा करमाकर, साइना नेहवाल, गगन नारंग, श्रीजेश, मैरी कॉम, बाइचुंग भूटिया, गोपीचंद, अंजू बॉबी जॉर्ज, कर्णम मल्लेश्वरी, मीराबाई चानू और पी.टी. उषा समेत कई प्रमुख खिलाड़ी युवाओं के साथ अपनी खेल यात्रा और अनुभव साझा करेंगे। कार्यक्रम में ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज’ भी होगा और युवाओं को MY Bharat Portal से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।







