विदेश डेस्क, आर्या कुमारी।
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कैलिफोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूसम के उस फैसले पर कड़ी नाराजगी जताई है, जिसमें उन्होंने मौत की सजा पाए 548 कैदियों की सजा माफ कर दी। ट्रंप ने सोमवार को इस निर्णय की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि न्यूसम गंभीर अपराधों में दोषी ठहराए गए लोगों के प्रति नरमी दिखा रहे हैं और पीड़ितों तथा उनके परिवारों की पीड़ा को नजरअंदाज कर रहे हैं। सजा माफ किए गए कैदियों में बच्चों की हत्या करने वाले अपराधी भी शामिल हैं। 59 वर्षीय गैविन न्यूसम को वर्ष 2028 में होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के संभावित उम्मीदवारों में से एक माना जा रहा है।
ट्रंप ने इस मामले के बीच एक राष्ट्रपति निर्देश जारी करने की घोषणा भी की है। इसके तहत उन्होंने न्याय विभाग को निर्देश दिया है कि बच्चों की हत्या करने वाले अपराधियों, दुष्कर्मियों और मानव तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ मृत्युदंड की मांग की जाए। राष्ट्रपति ने न्यूसम के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि गवर्नर अपराधियों के प्रति सहानुभूति दिखा रहे हैं, जबकि उन्हें पीड़ितों और उनके परिवारों के दर्द को प्राथमिकता देनी चाहिए। ट्रंप ने इस फैसले को गंभीर अपराधों के दोषियों के प्रति अनुचित नरमी बताते हुए इसकी आलोचना की। सजा माफ किए गए कैदियों में एक ऐसा अपराधी भी शामिल है, जिसने अपने ही परिवार के नौ सदस्यों की हत्या कर दी थी।
वहीं, कैलिफोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूसम ने राष्ट्रपति को प्राप्त क्षमादान देने की शक्ति में व्यापक बदलाव किए जाने की मांग की है। उन्होंने ट्रंप पर आरोप लगाया कि वह अपने धनी सहयोगियों और राजनीतिक रूप से करीबी लोगों को राहत पहुंचाने के लिए न्याय विभाग का इस्तेमाल कर रहे हैं। न्यूसम का कहना है कि ट्रंप प्रशासन के कार्यकाल में क्षमादान की प्रक्रिया का स्वरूप बदल गया है और इसका इस्तेमाल निष्पक्ष न्याय के बजाय राजनीतिक तथा व्यक्तिगत हितों को साधने के लिए किया जा रहा है।
न्यूसम ने ट्रंप प्रशासन की क्षमादान नीति पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राष्ट्रपति के शासन में माफी देने की प्रक्रिया एक तरह के कारोबार में बदल गई है। उनके अनुसार, इस अधिकार का इस्तेमाल ऐसे लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए किया जा रहा है, जिनके पास आर्थिक संसाधन और राजनीतिक पहुंच है। उन्होंने राष्ट्रपति की क्षमादान संबंधी शक्तियों में सुधार की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इस व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाना चाहिए। इस मुद्दे को लेकर दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक टकराव भी तेज होता दिखाई दे रहा है।
इस बीच, भारतीय-अमेरिकी समुदाय के नेता अजय जैन भुटोरिया ने भी गैविन न्यूसम से मुलाकात की। उन्होंने कैलिफोर्निया के गवर्नर से वर्ष 2028 में होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवार के रूप में उतरने का आग्रह किया। इस मुलाकात के साथ ही न्यूसम की संभावित राष्ट्रपति उम्मीदवारी को लेकर चर्चा एक बार फिर सामने आई है। पहले से ही उन्हें आगामी राष्ट्रपति चुनाव के संभावित दावेदारों में गिना जा रहा है।







