एंटरटेनमेंट डेस्क, अर्पिता कृष्णा |
मार्वल स्टूडियोज की फिल्म ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ एक बार फिर सिनेमाघरों में लौट आई है। ‘एवेंजर्स: एंडगेम एंकोर’ के नाम से हुई इस दोबारा रिलीज ने अमेरिका और कनाडा के बॉक्स ऑफिस पर पहले स्थान के साथ शुरुआत की है। सात साल बाद बड़े पर्दे पर लौटी फिल्म ने 26 मिलियन डॉलर की कमाई की।
फिल्म ने उत्तरी अमेरिका में करीब 2.6 करोड़ डॉलर कमाए, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार से करीब 6 करोड़ डॉलर की कमाई हुई। इस तरह ‘एवेंजर्स: एंडगेम एंकोर’ का शुरुआती वैश्विक कलेक्शन लगभग 8.6 करोड़ डॉलर रहा। ये आंकड़े स्टूडियो के शुरुआती अनुमान पर आधारित हैं।
इस प्रदर्शन के साथ फिल्म ने इस वीकेंड की कई नई रिलीज को पीछे छोड़ दिया। ब्रैड पिट की ‘हार्ट ऑफ द बीस्ट’ ने अमेरिका और कनाडा में करीब 2 करोड़ डॉलर कमाए, जबकि रॉबर्ट पैटिनसन की ‘प्राइमटाइम’ ने करीब 1.92 करोड़ डॉलर का कलेक्शन किया। दोनों फिल्में क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर रहीं।
इस बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन के बाद ‘एवेंजर्स: एंडगेम एंकोर’ घरेलू स्तर पर किसी दोबारा रिलीज हुई फिल्म की सबसे बड़ी ओपनिंग में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। इससे आगे 1997 में दोबारा रिलीज हुई ‘स्टार वॉर्स: ए न्यू होप’ और 2011 में दोबारा रिलीज हुई ‘द लायन किंग’ हैं।
भारत में भी फिल्म ने अच्छी शुरुआत की है। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, ‘एवेंजर्स: एंडगेम एंकोर’ ने पहले दिन करीब ₹7.25 करोड़ और दूसरे दिन करीब ₹7.65 करोड़ कमाए। दो दिनों में भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन करीब ₹17.83 करोड़ रहा, जबकि नेट कलेक्शन लगभग ₹14.90 करोड़ बताया गया है।
‘एवेंजर्स: एंडगेम एंकोर’ में मूल फिल्म के साथ नए एंड-क्रेडिट सीन्स और अतिरिक्त फुटेज शामिल किए गए हैं। यह दोबारा रिलीज आगामी मार्वल फिल्म ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ से भी जुड़ी हुई है, जिसके लिए दर्शकों को फिल्म में विशेष झलक दिखाई जा रही है।
2019 में रिलीज हुई मूल ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ ने दुनियाभर में करीब 2.8 अरब डॉलर कमाए थे। एंकोर रिलीज के बाद फिल्म का कुल वैश्विक कलेक्शन करीब 2.885 अरब डॉलर हो गया है। हालांकि, ये आंकड़े मूल फिल्म की कमाई में दोबारा रिलीज से जुड़ी कमाई जुड़ने के बाद के हैं।
Tags:
- Avengers Endgame Encore
- Avengers Endgame Re Release
- Avengers Endgame Box Office
- Avengers Endgame India Collection
- Avengers Endgame 2026
- Marvel Studios
- Avengers Endgame Collection
- Avengers Doomdsday
- Marvel Movies
- Avengers Endgame News
- एवेंजर्स एंडगेम
- एवेंजर्स एंडगेम एंकोर
- एवेंजर्स एंडगेम बॉक्स ऑफिस
- मार्वल स्टूडियोज
- एवेंजर्स डूम्सडे







