79वें कान्स फिल्म फेस्टिवल में सोनिया बंसल का शानदार डेब्यू, भारतीय संस्कृति से प्रेरित लुक ने खींचा ध्यान
एंटरटेनमेंट डेस्क, अर्पिता कृष्णा
बिग बॉस 17 से लोकप्रियता हासिल करने वाली अभिनेत्री सोनिया बंसल ने 79वें कान्स फिल्म फेस्टिवल में अपना अंतरराष्ट्रीय रेड कार्पेट डेब्यू किया। अपनी आगामी पर्यावरण आधारित फिल्म ‘द लास्ट ब्रीथ’ का प्रतिनिधित्व करते हुए अभिनेत्री ने भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक सौंदर्य से प्रेरित अंदाज में सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा।
कान्स में अपने पहले रेड कार्पेट अपीयरेंस के लिए सोनिया बंसल ने मशहूर फैशन डिजाइनर डॉली जे द्वारा तैयार किया गया खास पेस्टल पिंक लहंगा-साड़ी फ्यूजन आउटफिट पहना। इस पर सफेद फूलों की बारीक कढ़ाई, गोल्ड डिटेलिंग और सिर पर ओढ़ा गया शीयर दुपट्टा उनके पूरे लुक को राधा रानी से प्रेरित दिव्य रूप देता नजर आया।
अभिनेत्री ने अपने लुक को एमराल्ड और अनकट डायमंड ज्वेलरी, पारंपरिक चूड़ियों और हाथों पर हल्के आलता के साथ पूरा किया। वहीं बालों में लगाया गया मोरपंख भारतीय पौराणिकता और राधा-कृष्ण संस्कृति की झलक देता दिखा। सोशल मीडिया पर उनके इस पारंपरिक और आध्यात्मिक फैशन स्टेटमेंट की काफी चर्चा हो रही है।
सोनिया बंसल ने अपने कान्स डेब्यू को लेकर कहा कि पहली बार कान्स के रेड कार्पेट पर चलना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। उन्होंने बताया कि वह अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी भारतीय जड़ों और संस्कृति से जुड़ी रहना चाहती थीं।
गौरतलब है कि सोनिया बंसल कान्स फिल्म फेस्टिवल में अपनी पर्यावरण आधारित फिल्म ‘द लास्ट ब्रीथ’ को रिप्रेजेंट कर रही हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह फिल्म वनों की कटाई और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों पर आधारित है। फिल्म में अभिनेता शिव ठाकरे भी नजर आएंगे।
सोनिया बंसल इससे पहले बिग बॉस 17 में नजर आ चुकी हैं और अब उनका यह अंतरराष्ट्रीय डेब्यू उनके करियर के बड़े पड़ाव के रूप में देखा जा रहा है।







