एंटरटेनमेंट डेस्क, अर्पिता कृष्णा।
अभिनेत्री श्रद्धा कपूर अपनी आगामी फिल्म ‘ईथा’ में एक बिल्कुल नए अंदाज में नजर आने वाली हैं। फिल्म में वह महाराष्ट्र की मशहूर लावणी और तमाशा कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर से प्रेरित किरदार निभा रही हैं। इस भूमिका को वास्तविक रूप देने के लिए श्रद्धा ने लावणी नृत्य की बारीकियां सीखीं और लंबे समय तक अभ्यास किया। इस दौरान उन्हें शारीरिक चुनौतियों का भी सामना करना पड़ा।
फिल्म के निर्देशक लक्ष्मण उतेकर ने बताया कि श्रद्धा ने हर गाने से पहले दो से तीन सप्ताह तक लगातार रिहर्सल की। अभ्यास के दौरान वह प्रत्येक पैर में चार किलो के घुंघरू पहनती थीं। यानी दोनों पैरों में कुल आठ किलो वजन के घुंघरू होते थे। श्रद्धा ने भी बताया कि शुरुआत में उन्हें लावणी नृत्य की जानकारी नहीं थी, इसलिए उन्होंने कई वर्कशॉप में हिस्सा लिया और अनुभवी कलाकारों से इस पारंपरिक नृत्य शैली को समझा।
फिल्म की शूटिंग के दौरान एक डांस सीक्वेंस में श्रद्धा को मांसपेशियों में चोट (मसल टियर) लग गई थी। अभिनेत्री ने बताया कि चोट के कारण शूटिंग कुछ समय के लिए रोकनी पड़ी। हालांकि, निर्देशक और निर्माताओं के सहयोग से उन्हें ठीक होने का समय मिला और स्वस्थ होने के बाद उन्होंने दोबारा शूटिंग शुरू की।
‘ईथा’ का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर कर रहे हैं। फिल्म विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन से जुड़ी घटनाओं और महाराष्ट्र की तमाशा कलाकारों की दुनिया से प्रेरित है। निर्देशक ने स्पष्ट किया है कि यह विठाबाई की सीधी बायोपिक नहीं है, बल्कि उनकी जिंदगी से प्रेरित कहानी है। फिल्म में श्रद्धा कपूर के साथ रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब, नाना पाटेकर और अन्य कलाकार भी नजर आएंगे। फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।







