लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती |
सीवान | दारौंदा प्रखंड के रैनी गांव स्थित पूर्व डीपीओ अजीत अमर के पैतृक आवास पर शुक्रवार को आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की टीम ने करीब आठ घंटे तक सघन छापेमारी और जांच की। कार्रवाई के दौरान टीम को घर से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले, जिन्हें जांच के लिए अपने साथ पटना ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार, डीएसपी सीपी यादव के नेतृत्व में नौ सदस्यीय ईओयू टीम सुबह गांव पहुंची और घर में रखे विभिन्न दस्तावेजों, संपत्ति संबंधी अभिलेखों, बैंक रिकॉर्ड तथा अन्य महत्वपूर्ण कागजातों की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान आवश्यक समझे गए कुछ दस्तावेजों को टीम ने अपने कब्जे में ले लिया।
जांच पूरी होने के बाद ईओयू के डीएसपी सीपी यादव ने बताया कि घर से कुछ महत्वपूर्ण कागजात बरामद हुए हैं, जिन्हें आगे की जांच के लिए पटना ले जाया जा रहा है। हालांकि उन्होंने बरामद दस्तावेजों की प्रकृति या जांच से जुड़े अन्य पहलुओं पर कोई विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया।
छापेमारी के दौरान दारौंदा थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा। पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
करीब आठ घंटे तक चली इस कार्रवाई के कारण गांव में लोगों की भीड़ लगी रही। ईओयू की टीम के पटना रवाना होने के बाद ग्रामीणों के बीच जांच और बरामद दस्तावेजों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और कयासों का दौर चलता रहा। हालांकि जांच एजेंसी की ओर से मामले में आधिकारिक रूप से कोई अतिरिक्त जानकारी साझा नहीं की गई।






