
नेशनल डेस्क, श्रेयांश पराशर |
केरल से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता एन. शिवराजन के एक बयान ने राजनीतिक हलकों में भूचाल ला दिया है। उन्होंने तिरंगे की जगह भगवा ध्वज को राष्ट्रीय ध्वज बनाए जाने की बात कही, जिसे कांग्रेस ने राष्ट्रविरोधी मानसिकता करार दिया है।
BJP की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य एन. शिवराजन ने केरल में एक विवादास्पद बयान देते हुए कहा कि भारत का राष्ट्रीय ध्वज भगवा होना चाहिए। उन्होंने इसे अपनी निजी राय बताते हुए कहा कि भारत का तिरंगा कांग्रेस और एनसीपी जैसे दलों के झंडे जैसा प्रतीत होता है और यह सही नहीं है।
उनके इस बयान के तुरंत बाद राजनीतिक बवाल खड़ा हो गया। कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए X (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि एन. शिवराजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के बेहद करीबी हैं। कांग्रेस का आरोप है कि यह बयान BJP और RSS की उस विचारधारा को दर्शाता है, जिसमें शुरू से ही तिरंगे के प्रति विरोध रहा है।
कांग्रेस ने आगे कहा कि RSS ने 52 वर्षों तक तिरंगे को न अपनाया और न ही फहराया। अब उसी मानसिकता को दोहराते हुए भगवा झंडे को राष्ट्रीय ध्वज बनाने की बात की जा रही है, जो देश के संविधान और उसकी विविधता का सीधा अपमान है।