नेशनल डेस्क, आर्या कुमारी |
चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) बीआर गवई की कोर्ट में एक वकील ने हंगामा करते हुए जूता फेंकने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी वकील को हिरासत में लिया। बाहर जाते समय उसने कहा, "सनातन का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान।"
CJI बीआर गवई के सामने आज वकील ने हंगामा किया और आरोप है कि उन्होंने जूता फेंकने का प्रयास भी किया। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी वकील को हिरासत में ले लिया। इस दौरान जस्टिस गवई शांत रहे और कोर्ट में सुनवाई जारी रही। उन्होंने कहा, “इन चीजों से मुझे फर्क नहीं पड़ता।”
बताया गया कि वकील डेस्क के पास गया और जूता निकालकर जज की तरफ फेंकने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने समय रहते रोका और उसे बाहर ले गए। बाहर जाते समय वकील यह कहते सुना गया, "सनातन का अपमान नहीं सहेंगे।" आरोपी वकील का नाम राकेश किशोर है, जिनका सुप्रीम कोर्ट बार में 2011 में रजिस्ट्रेशन हुआ था।
CJI इस घटना से प्रभावित नहीं हुए और अन्य वकीलों से कहा कि अपने तर्क जारी रखें। उन्होंने कहा, “इस सब पर ध्यान मत दें. हम प्रभावित नहीं हैं. ये बातें मुझे प्रभावित नहीं करतीं।" कुछ देर बाद पुलिस ने वकील को छोड़ दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की गई और कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई।
सीजेआई की तरफ जूता फेंक कर क्या बोला वकील?
एक वकील के मुताबिक, जिस वकील ने हमला किया, उसने चीफ जस्टिस की ओर कोई वस्तु फेंकी। वह चीज लगभग जस्टिस विनोद चंद्रन को लगते-लगते बची। इसके बाद वकील ने जस्टिस चंद्रन से माफी मांगी और कहा कि उसका निशाना चीफ जस्टिस थे। सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकड़ लिया और अदालत से बाहर ले गए।
इस घटना के बाद वकीलों के संगठन ने चीफ जस्टिस पर हमले की निंदा की है। सुप्रीम कोर्ट एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड (AoR) एसोसिएशन ने सुप्रीम कोर्ट से स्वतः संज्ञान लेने और आरोपी वकील के खिलाफ कोर्ट की अवमानना की कार्रवाई की मांग की है।
सीजेआई पर क्यों की गई जूता फेंकने की कोशिश?
एक वकील ने कहा, "आज की जो घटना है, वह बहुत ही दुखद है। एक कोर्ट में, वो भी वकील ने अगर असॉल्ट करने का प्रयास किया है, तो हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं। देखिए, हमारे बार के वो मेंबर हैं। अभी हमने जांच किया और पता चला कि वो 2011 के मेंबर हैं।"
वकील ने अपने बयान में कहा, "यह बहुत ही दुखद घटना है। इसलिए हम कह सकते हैं कि जो पता चला है, वह लॉर्ड विष्णु के मैटर्स में आया कमेंट था, हॉनरेबल CJI के उसी पर ही उन्होंने ऐसा प्रयास (वकील ने जूता फेंकने का प्रयास) किया है। यह बहुत ही दुखद घटना। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं और अगर यह घटना सच है, तो एक्शन होना चाहिए।"







