नेशनल डेस्क, आर्या कुमारी।
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के जारी आंदोलन के बीच पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरव दास ने दावा किया है कि उनका व्हाट्सएप अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया है। इस संबंध में उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर कहा कि बिना किसी स्पष्ट कारण के उनका अकाउंट बंद कर दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर यह कार्रवाई किस आधार पर और किसके इशारे पर की गई। उनका यह दावा ऐसे समय सामने आया है, जब सीजेपी शिक्षा व्यवस्था और नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन चला रही है।
सौरव दास ने अपने एक्स पोस्ट में सीधे व्हाट्सएप को टैग करते हुए अकाउंट ब्लॉक किए जाने का कारण पूछा। उन्होंने लिखा कि उनका व्हाट्सएप अकाउंट बंद कर दिया गया है और कंपनी को स्पष्ट करना चाहिए कि यह फैसला क्यों लिया गया तथा इसके पीछे किसका निर्देश या आधार था। उनके इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है, जब सीजेपी का शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन लगातार चर्चा में बना हुआ है। इस अभियान को विपक्ष के कई नेताओं का भी समर्थन मिल रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे सहित कई विपक्षी नेता छात्रों की मांगों के समर्थन में अपनी आवाज उठा चुके हैं।
हालांकि, व्हाट्सएप की ओर से सौरव दास के दावे पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की गई है। फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उनका अकाउंट अस्थायी रूप से ब्लॉक किया गया है या स्थायी रूप से प्रतिबंधित किया गया है। कंपनी की ओर से इस मामले में कोई सार्वजनिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
व्हाट्सएप की नीतियों के अनुसार, किसी भी अकाउंट पर कार्रवाई आमतौर पर स्पैम गतिविधियों, बड़ी संख्या में यूजर शिकायतों, अनधिकृत या मॉडिफाइड व्हाट्सएप ऐप के उपयोग, संदिग्ध गतिविधियों अथवा सेवा शर्तों के उल्लंघन की स्थिति में की जाती है। ऐसे मामलों में कंपनी सुरक्षा और प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाती है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि सौरव दास के अकाउंट पर किस वजह से कार्रवाई की गई। कंपनी की आधिकारिक प्रतिक्रिया आने तक अकाउंट ब्लॉक होने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं, सीजेपी की ओर से इस मुद्दे को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, जबकि सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।







