स्टेट डेस्क, आकाश अस्थाना |
सीवान/दरौंदा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संभावित दौरे को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने बुधवार को दरौंदा प्रखंड अंतर्गत रूकुंदीपुर पंचायत का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों एवं संभावित स्थल का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी सीवान से महाराजगंज होते हुए रूकुंदीपुर पहुंचे, जहां उन्होंने सड़क की स्थिति का भी जायजा लिया। इसके बाद पंचायत सरकार भवन पहुंचकर वहां मौजूद अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंचायत सरकार भवन, मनरेगा से निर्मित हाट, आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय, छठ घाट तथा अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एपीएचसी) का अवलोकन किया और अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया।
बताया गया कि मुख्यमंत्री की संभावित प्रगति यात्रा को लेकर बीते दो दिनों से विभिन्न प्रखंडों में स्थल चयन हेतु निरीक्षण किया जा रहा है। प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं की समीक्षा मुख्यमंत्री द्वारा की जानी है, जिसको लेकर जिला प्रशासन स्तर पर तैयारियां चल रही हैं।
इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी शिम्पी कुमारी ने बताया कि सीवान जिले में मुख्यमंत्री के आगमन की संभावना है, हालांकि तिथि अभी तय नहीं हुई है। जिले के कई प्रखंडों में संभावित स्थलों का चयन करने के लिए अधिकारियों द्वारा भ्रमण किया जा रहा है। रूकुंदीपुर पंचायत में भी इसी उद्देश्य से निरीक्षण किया गया है। अंतिम निर्णय वरीय अधिकारियों द्वारा लिया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त मुकेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अनिता सिन्हा, एसडीपीओ अमन, डीसीएलआर, बीडीओ शिम्पी कुमारी, बीईओ सौरभ सुमन, अंचलाधिकारी वेद प्रकाश नारायण, थाना अध्यक्ष विकास कुमार सिंह, पंचायत सचिव श्रीराम प्रसाद यादव, कृषि सलाहकार सुशील तिवारी, राजस्व कर्मचारी मिथुन कुमार, अमीन शैलेश कुमार सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद थे।







