नेशनल डेस्क, आर्या कुमारी।
वाराणसी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 54वें जन्मदिन के अवसर पर धार्मिक नगरी काशी में स्थित श्री वरद आंजनेय मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान, आरती और पूजन का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु और सफल जीवन की कामना की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने भाग लेकर उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं प्रदेश की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की।
मंदिर परिसर में आयोजित विशेष पूजा-अर्चना के दौरान भगवान हनुमान के समक्ष मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और जनकल्याणकारी कार्यों की निरंतर सफलता के लिए मंगलकामना की गई। श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आरती में सहभागिता करते हुए प्रदेश के विकास और सामाजिक समृद्धि की भी प्रार्थना की।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम के दौरान वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के संदेश को आगे बढ़ाते हुए कुल 54 पौधे लगाए गए। इनमें सिंदूर, बरगद, तुलसी, नीम सहित ऐसे कई पौधे शामिल रहे, जिन्हें धार्मिक और पर्यावरणीय दृष्टि से विशेष महत्व प्राप्त है।
आयोजकों ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक प्रतीकात्मक पहल नहीं है, बल्कि प्रकृति संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में सामूहिक जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। इसी उद्देश्य के साथ मुख्यमंत्री की पर्यावरण संरक्षण संबंधी सोच और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया गया।
कार्यक्रम के दौरान जन्मदिन उत्सव के तहत 54 किलोग्राम लड्डुओं से तैयार विशेष केक भी काटा गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व में प्रदेश के विकास और जनहितकारी कार्यों की सराहना की। धार्मिक अनुष्ठानों और सांस्कृतिक माहौल के बीच पूरे आयोजन में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।
इस मौके पर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से आगामी 31 जुलाई तक 5400 पौधे लगाने का संकल्प भी लिया गया। आयोजकों ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण अभियान से जुड़ने की अपील की। कार्यक्रम का समापन सामूहिक प्रार्थना, आरती और समाज तथा राष्ट्र की उन्नति की कामना के साथ हुआ।







