लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान/दारौंदा: दारौंदा प्रखंड के कोथूआ सारंगपुर एवं मडसरा पंचायत में मंगलवार को मुख्यमंत्री सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित कुल 138 आवेदन प्राप्त हुए। बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं के समाधान एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन जमा किए।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, पारिवारिक लाभ योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन लिए गए। अधिकारियों ने लाभुकों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध कराई।
प्रखंड विकास पदाधिकारी शिम्पी कुमारी ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करें तथा योजनाओं की सही जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाएं। शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक भी किया।
शिविर में कोथूआ सारंगपुर पंचायत से 66 तथा मडसरा पंचायत से 72 आवेदन प्राप्त हुए।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त अमिताभ सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी शिम्पी कुमारी, अंचल अधिकारी वेद प्रकाश नारायण, थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह, बीसीओ रामनारायण साह, यातायात डीएसपी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मी, जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।







