लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
सीवान : सीवान रेल यात्रियों के कीमती सामानों की चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी सीवान एवं आरपीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की टीम ने सीवान रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-4 के पास झाड़ियों में छिपे दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी के छह मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी के निर्देशन तथा आरपीएफ पोस्ट सीवान के प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव के पर्यवेक्षण में सीपीडीएस टीम, आरपीएफ पोस्ट सीवान एवं जीआरपी सीवान की संयुक्त टीम ने 30 मई 2026 को यह कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले के जमुड़िया थाना क्षेत्र स्थित निंधा गांव निवासी 26 वर्षीय संजय नोनिया तथा झारखंड के साहेबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र स्थित बाबुपुर तीनपहाड़ निवासी 23 वर्षीय करण कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में घूम-घूमकर यात्रियों के कीमती सामानों की चोरी करते थे।
बरामद सामान में एक एप्पल, एक रेडमी, एक नोकिया, दो रियलमी तथा एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन शामिल है। सभी मोबाइल चोरी के बताए जा रहे हैं।
इस संबंध में रेल थाना सीवान में दोनों आरोपितों के विरुद्ध कांड संख्या 89/26, धारा 317(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में जीआरपी के पुअनि सुरेश राम, सिपाही श्रवण कुमार, सिपाही राज कुमार तथा आरपीएफ और सीपीडीएस टीम के सउनि शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, सउनि छोटे लाल सिंह यादव, कांस्टेबल विजय कुमार यादव, कांस्टेबल अमरेन्द्र कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल धर्म प्रकाश मिश्रा एवं कांस्टेबल बिन्देश्वर साह गौड़ समेत अन्य जवान शामिल रहे।







