स्पोर्ट्स डेस्क, शिवेश कुमार शौर्य।
नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने पुरुषों के वनडे और टी20 विश्व कप के प्रारूप में बड़े बदलावों का ऐलान किया है। नए फॉर्मेट का उद्देश्य टूर्नामेंट को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाना, मुकाबलों को अधिक अहम बनाना और खिलाड़ियों के साथ-साथ प्रशंसकों के अनुभव को बेहतर करना है। यह फैसला एडिनबर्ग में आयोजित आईसीसी बोर्ड की वार्षिक बैठक में मुख्य कार्यकारी समिति (CEC) की सिफारिशों के बाद लिया गया। नया फॉर्मेट 2027 के पुरुष वनडे विश्व कप और 2028 के पुरुष टी20 विश्व कप से लागू होगा।
वनडे विश्व कप में सुपर-7 की एंट्री
पुरुष वनडे विश्व कप में पहले की तरह 14 टीमें हिस्सा लेंगी, लेकिन टूर्नामेंट अब तीन चरणों में खेला जाएगा।
पहले चरण में रैंकिंग में 12वें, 13वें और 14वें स्थान पर रहने वाली टीमें 'सुपर सीरीज' खेलेंगी। इस चरण से शीर्ष टीम दूसरे चरण में पहुंचेगी। इसके बाद 12 टीमों को छह-छह टीमों के दो ग्रुप में बांटा जाएगा, जहां कुल 30 मुकाबले खेले जाएंगे। दोनों ग्रुप की शीर्ष तीन-तीन टीमें सुपर-7 चरण के लिए क्वालिफाई करेंगी। सुपर-7 में पहुंचने वाली सातों टीमें राउंड-रॉबिन प्रारूप में 21 मुकाबले खेलेंगी। इसके बाद अंक तालिका की शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। पहले स्थान पर रहने वाली टीम का सामना चौथे स्थान की टीम से होगा, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमें दूसरे सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगी। नए प्रारूप के तहत पुरुष वनडे विश्व कप में कुल 57 मुकाबले खेले जाएंगे। इससे पहले 14 टीमों को सात-सात टीमों के दो ग्रुप में बांटा जाता था, जहां से शीर्ष तीन टीमें सुपर-6 में पहुंचती थीं। उस प्रारूप में कुल 54 मैच खेले जाते थे।
टी20 विश्व कप में सुपर-10 और एलिमिनेटर की शुरुआत
पुरुष टी20 विश्व कप में टीमों की संख्या 20 ही रहेगी और कुल 55 मुकाबले खेले जाएंगे, लेकिन इसके प्रारूप में बड़ा बदलाव किया गया है। अब पांच-पांच टीमों के चार ग्रुप की जगह चार-चार टीमों के पांच ग्रुप बनाए जाएंगे। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें अगले चरण में पहुंचेंगी। इस बदलाव के बाद पहले चरण के मुकाबले 40 से घटकर 30 रह जाएंगे। इसके बाद क्वालिफाई करने वाली 10 टीमों को पांच-पांच टीमों के दो सुपर-10 ग्रुप में बांटा जाएगा, जहां कुल 20 मुकाबले होंगे। दोनों सुपर-10 ग्रुप की विजेता टीमें सीधे सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। वहीं, दोनों ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीमें दूसरे ग्रुप की तीसरे स्थान की टीमों से एलिमिनेटर मुकाबला खेलेंगी। इन मुकाबलों की विजेता टीमें सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाएंगी।
2028 टी20 विश्व कप के क्वालिफिकेशन सिस्टम में भी बदलाव
आईसीसी ने 2028 पुरुष टी20 विश्व कप के क्वालिफिकेशन सिस्टम में भी बदलाव किया है। जो टीमें 2026 टी20 विश्व कप में हिस्सा ले चुकी हैं, लेकिन 2028 संस्करण के लिए स्वतः क्वालिफाई नहीं कर पाएंगी, उन्हें सीधे ग्लोबल क्वालिफायर में जगह मिलेगी।
स्कॉटलैंड को यूरोप रीजनल फाइनल में सीधी एंट्री मिलेगी। इसके अलावा ग्लोबल क्वालिफायर के आठ स्थान क्षेत्रीय प्रतियोगिताओं के जरिए तय होंगे। इनमें अफ्रीका, एशिया और यूरोप से दो-दो, जबकि अमेरिका और ईस्ट एशिया-प्रशांत (East Asia-Pacific) से एक-एक टीम क्वालिफाई करेगी।
हर क्षेत्र की शीर्ष टीम के साथ न्यूनतम प्रदर्शन मानदंड के आधार पर अगली तीन सर्वश्रेष्ठ टीमें 2028 टी20 विश्व कप के लिए क्वालिफाई करेंगी। इसके अलावा आईसीसी बोर्ड ने एसोसिएट देशों के लिए 16 टीमों के वैश्विक टूर्नामेंट के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है।







