स्टेट डेस्क, नीतीश कुमार।
पटना। इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) में मरीजों को बेहतर एवं सटीक उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बी, सी और ई ब्लॉक का उद्घाटन सितंबर के अंत या अक्टूबर की शुरुआत में करने का लक्ष्य रखा गया है। अस्पताल के उपनिदेशक विभूति प्रसन्न सिन्हा ने बताया कि आईजीआईएमएस के पांच ब्लॉकों में से ए और डी ब्लॉक का उद्घाटन पहले ही किया जा चुका है। इन दोनों ब्लॉकों में अस्पताल आने वाले मरीजों के इलाज के लिए सभी तरह की बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि अस्पताल के प्रति मरीजों के बढ़ते विश्वास और लगातार बढ़ रही संख्या को देखते हुए बी, सी और ई ब्लॉक का उद्घाटन कर इन्हें डेढ़ महीने के अंदर शुरू करने की योजना पर काम किया जा रहा है। इस संबंध में दिशा-निर्देश के आलोक में हाल ही में रिव्यू मीटिंग भी आयोजित की गई थी।
उपनिदेशक ने बताया कि रिव्यू मीटिंग में भवनों के एयर कंडीशनिंग सिस्टम को जल्द क्रियाशील बनाने और अत्याधुनिक तकनीक के साथ हर प्रकार के खास उपकरणों से लैस इन भवनों को मरीजों की सेवा के लिए शुरू करने का निर्णय लिया गया। यह कार्य स्वास्थ्य विभाग एवं आईजीआईएमएस के निदेशक डॉ. बिंदे कुमार के दिशा-निर्देश के तहत किया जा रहा है।
1397 से बढ़कर करीब 1750 होगी बेड की संख्या
विभूति प्रसन्न सिन्हा ने बताया कि आईजीआईएमएस में वर्तमान में 1397 बेड हैं। वहीं, बी, सी और ई ब्लॉक के उद्घाटन के बाद अस्पताल में बेड की संख्या बढ़कर करीब 1750 हो जाएगी। 280 करोड़ रुपये की लागत से बनने जा रहे इन ब्लॉकों में ओपीडी, ऑपरेशन थिएटर, क्रिटिकल केयर यूनिट और जनरल इमरजेंसी की सुविधा भी शुरू की गई है।
रोजाना 6-7 हजार मरीज पहुंचते हैं
उपनिदेशक श्री सिन्हा ने अस्पताल के आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि आईजीआईएमएस में प्रतिदिन 6-7 हजार मरीज इलाज के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि यह आईजीआईएमएस प्रशासन के लिए उपलब्धि का विषय है।







