नेशनल डेस्क ,श्वेता प्रिया
मुंबई के पवई स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) बॉम्बे के कैंपस में गैस लीक होने के बाद आग भड़क गई। इस घटना में दो बच्चों समेत पांच लोग घायल हो गए। हादसा गुरुवार, 8 अक्टूबर की रात करीब 10:25 बजे हॉस्टल नंबर 6 में हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, गैस सिलेंडर की पाइप से रिसाव के कारण आग भड़की।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना के बाद घायलों को मुंबई के राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों के अनुसार, इनमें से चार लोगों को बाद में चिंचपोकली स्थित कस्तूरबा अस्पताल में शिफ्ट किया गया, जबकि एक व्यक्ति राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती रहा। 9 अक्टूबर की सुबह आई रिपोर्टों के मुताबिक, पांचों घायलों की हालत स्थिर बताई गई।
घायलों में दो बच्चे, जिनकी उम्र 12 और 9 साल है, तथा तीन वयस्क शामिल हैं। घटना के बाद पुलिस और बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया। गैस रिसाव के सटीक कारणों की जांच से जुड़ी आगे की जानकारी अभी सामने आनी बाकी है।







