नेशनल डेस्क, शिवेश कुमार शौर्य |
भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के तीसरे और अंतिम मुकाबले में एकतरफा अंदाज में 9 विकेट से जीत दर्ज करते हुए मेहमान टीम का 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही शिकंजा कस दिया।
अफगानिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। रहमानुल्लाह गुरबाज 5 रन, इब्राहिम जादरान 11 रन और रहमत शाह 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। 36 रन पर चार विकेट गिरने के बाद कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने मोर्चा संभाला। उन्होंने अजमतुल्लाह ओमरजई के साथ पांचवें विकेट के लिए 105 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला। ओमरजई ने 56 गेंदों में 50 रन बनाए, जबकि शाहिदी ने 131 गेंदों में 13 चौकों और एक छक्के की मदद से 102 रन की कप्तानी पारी खेली। मोहम्मद नबी ने 23 गेंदों पर 21 रन का योगदान दिया, जिससे अफगानिस्तान की टीम 44.2 ओवर में 218 रन पर सिमट गई।
भारतीय गेंदबाजों में प्रसिद्ध कृष्णा ने सबसे ज्यादा प्रभावित किया। उन्होंने 8.2 ओवर में दो मेडन के साथ महज 23 रन खर्च करते हुए पांच विकेट झटके और अफगान बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। प्रिंस यादव, हर्ष दुबे और गुरनूर बरार को एक-एक सफलता मिली, जबकि वॉशिंगटन सुंदर ने आठ ओवर में सिर्फ 23 रन देकर कसी हुई गेंदबाजी की।
219 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 170 रन जोड़कर अफगानिस्तान को मुकाबले में वापसी का कोई मौका नहीं दिया। यशस्वी ने 38 गेंदों में अर्धशतक और 84 गेंदों में शतक पूरा किया। उन्होंने 86 गेंदों पर 14 चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 110 रन की विस्फोटक पारी खेली।
दूसरे छोर से रोहित शर्मा ने भी आक्रामक अंदाज अपनाया और 69 गेंदों में नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 79 रन बनाए। मोहम्मद नबी ने उन्हें आउट कर अफगानिस्तान को एकमात्र सफलता दिलाई। इसके बाद श्रेयस अय्यर ने 19 गेंदों में नाबाद 20 रन बनाए और यशस्वी के साथ मिलकर भारत को 28.4 ओवर में एक विकेट पर 224 रन तक पहुंचाते हुए 9 विकेट की शानदार जीत दिला दी।
मैच में 8.2 ओवर में दो मेडन के साथ 23 रन देकर पांच विकेट झटकने वाले तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। वहीं पूरी श्रृंखला में प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले भारतीय कप्तान शुभमन गिल को 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
संक्षिप्त स्कोरकार्ड :
- अफगानिस्तान : 218 ऑलआउट (44.2 ओवर)
हशमतुल्लाह शाहिदी 102 (131), अजमतुल्लाह ओमरजई 50 (56), मोहम्मद नबी 21 (23)।
प्रसिद्ध कृष्णा 8.2-2-23-5, प्रिंस यादव 7-0-38-1, हर्ष दुबे 7-0-38-1, गुरनूर बरार 8-0-49-1।
- भारत : 224/1 (28.4 ओवर)
यशस्वी जायसवाल नाबाद 110 (86), रोहित शर्मा 79 (69), श्रेयस अय्यर नाबाद 20 (19)।
मोहम्मद नबी 7.4-1-47-1।
यशस्वी के शतक और प्रसिद्ध की पंजे की बदौलत भारत ने तीसरा वनडे 9 विकेट से जीतकर अफगानिस्तान का 3-0 से सूपड़ा साफ कर दिया।







