NEET UG 2026 परीक्षा रद्द, पेपर लीक के आरोपों के बाद सरकार का बड़ा फैसला; CBI करेगी जाँच
नेशनल डेस्क, श्रेया पाण्डेय
नई दिल्ली: देश के लाखों मेडिकल परीक्षार्थियों के लिए एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित हुई NEET-UG 2026 की परीक्षा को पूरी तरह से रद्द करने का निर्णय लिया है। यह फैसला परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लिया गया है, क्योंकि परीक्षा के दौरान पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं की गंभीर शिकायतें सामने आई थीं।
पिछले कुछ दिनों से राजस्थान सहित देश के विभिन्न हिस्सों से पेपर लीक होने की खबरें सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों में छाई हुई थीं। रिपोर्टों के अनुसार, राजस्थान के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) ने एक ऐसे 'गेस पेपर' का पता लगाया था, जिसके अधिकांश प्रश्न वास्तविक परीक्षा के पेपर से मेल खा रहे थे। शुरुआती जांच में बायोलॉजी के लगभग 90 और केमिस्ट्री के 30 प्रश्नों के हूबहू मिलने की बात सामने आई है। इस खुलासे के बाद से ही देशभर के छात्र और अभिभावक सोशल मीडिया पर प्रदर्शन कर रहे थे और परीक्षा दोबारा कराने की मांग कर रहे थे।
शिक्षा मंत्रालय और NTA ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इस मामले की उच्च स्तरीय समीक्षा की। NTA द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, "सिस्टम में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ रोकने के लिए, भारत सरकार की अनुमति से 3 मई 2026 को हुई परीक्षा को रद्द करने का निर्णय लिया गया है।" इसके साथ ही, केंद्र सरकार ने पूरे मामले की गहन जाँच के लिए इसे CBI (केंद्रीय जांच ब्यूरो) को सौंप दिया है। CBI अब इस बात की पड़ताल करेगी कि पेपर लीक का जाल कहाँ तक फैला हुआ था और इसमें कौन-कौन से बड़े गिरोह या कोचिंग माफिया शामिल थे।
इस फैसले से लगभग 22 लाख से अधिक परीक्षार्थी सीधे प्रभावित हुए हैं। छात्रों के मन में जहाँ एक ओर परीक्षा रद्द होने से निराशा और मानसिक तनाव है, वहीं दूसरी ओर न्याय की उम्मीद भी जगी है। NTA ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की नई तारीखों की घोषणा जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर की जाएगी। परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी भ्रामक जानकारी से बचें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें। दोबारा होने वाली परीक्षा के लिए छात्रों को कोई नया पंजीकरण शुल्क नहीं देना होगा।






