नेशनल डेस्क, मुस्कान कुमारी।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने गुरुवार 16 जुलाई 2026 को NEET UG 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पंशुल बंसल ने संयुक्त रूप से 720 में से 715 अंकों के साथ टॉप किया।
लगभग 20 लाख अभ्यर्थियों ने 21 जून को परीक्षा दी थी। इनमें से 11.21 लाख से अधिक उम्मीदवार मेडिकल, डेंटल, आयुष और अन्य कोर्सेस में दाखिले के लिए योग्य घोषित हुए। परिणाम समय पर जारी करने से काउंसलिंग प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुरू हो सकेगी।
टॉपर्स और उपलब्धियां
आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर स्कोरकार्ड डाउनलोड किए जा सकते हैं। NTA के अनुसार, 19 अभ्यर्थियों ने 700 से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 138 उम्मीदवारों ने 690 से ऊपर स्कोर किया।
टॉप 138 में 93 प्रतिशत से अधिक पहली बार परीक्षा देने वाले छात्र हैं। लगभग 99 प्रतिशत टॉपर्स की उम्र 17 से 19 वर्ष के बीच है। टॉप 17 अभ्यर्थी पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, तमिलनाडु और तेलंगाना से हैं।
महिला उम्मीदवारों का दबदबा
योग्य उम्मीदवारों में 58 प्रतिशत से अधिक महिलाएं हैं। यह आंकड़ा मेडिकल क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।
स्कोर वितरण
NTA ने स्कोर वितरण भी जारी किया है:
- 700+ अंक: 19 उम्मीदवार
- 650+ अंक: 1,492 उम्मीदवार
- 600+ अंक: 10,160 उम्मीदवार
- 500+ अंक: 90,780 उम्मीदवार
श्रेणीवार योग्य उम्मीदवार
- General: 2.91 लाख
- OBC-NCL: 5.12 लाख
- SC: 1.59 लाख
- ST: 63,716
- Gen-EWS: 95,026
- PwBD: 3,666
- PwD: 303
परीक्षा देशभर के 5,440 केंद्रों पर 551 शहरों में हुई। इसके अलावा 14 विदेशी शहरों में भी परीक्षा का आयोजन किया गया। प्रश्न पत्र 13 भाषाओं में उपलब्ध था।
पारदर्शी प्रक्रिया
NTA ने इस बार रिजल्ट प्रक्रिया को और बेहतर बनाया। प्रोविजनल आंसर की 25 जून को जारी हुई, जिसमें 28 जून तक आपत्तियां ली गईं। 13 से 15 जुलाई तक OMR शीट और रिकॉर्डेड रेस्पॉन्स दिखाए गए। अंतिम आंसर की और रिजल्ट दोनों 16 जुलाई को जारी कर दिए गए।
काउंसलिंग की जानकारी
15 प्रतिशत ऑल इंडिया कोटा सीटों के लिए मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) काउंसलिंग कराएगी। शेष राज्य कोटा सीटों के लिए संबंधित राज्य अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
NTA ने अभ्यर्थियों को चेतावनी दी है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें। फर्जी कॉल, मैसेज या वेबसाइट से बचें जो एडमिशन, सीट ब्लॉकिंग या स्कोर सुधार का झांसा देते हैं। एजेंसी कभी भी पैसे या व्यक्तिगत जानकारी नहीं मांगती।






