Nirbhaya 2.0: दिल्ली में चलती बस में 16 वर्षीय छात्रा के साथ 47 किमी तक दुष्कर्म, ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार
नेशनल डेस्क, अश्विनी कुमार ।
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली 16 वर्षीय छात्रा के साथ चलती बस में कथित तौर पर लगभग 47 किलोमीटर तक दुष्कर्म और मारपीट की गई। मामले में पुलिस ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली है और अपने एक रिश्तेदार से मिलने नोएडा आई थी। 4 अगस्त 2026 की रात भारी बारिश के दौरान वह गलती से ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर उतर गई। इसी दौरान बस के ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप ने उसे नोएडा सेक्टर-63 तक छोड़ने का भरोसा दिलाया।
आरोप है कि बस चलने के बाद दोनों ने छात्रा के साथ जबरन दुर्व्यवहार किया। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। घटना को छिपाने के लिए बस की खिड़कियों पर लगे पर्दों का इस्तेमाल किया गया। पीड़िता के अनुसार, करीब 47 किलोमीटर तक बस में उसके साथ मारपीट और यौन उत्पीड़न किया गया।
बाद में आरोपी उसे कश्मीरी गेट अंतरराज्यीय बस अड्डे (ISBT) के पास उतारकर फरार हो गए। किसी तरह सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के बाद छात्रा ने पुलिस से संपर्क किया और पूरी घटना की जानकारी दी।
शिकायत मिलते ही कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने फोरेंसिक जांच के लिए संबंधित बस को भी कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच जारी है।
इस घटना के सामने आने के बाद लोगों में भारी आक्रोश है। साथ ही दिल्ली-एनसीआर में संचालित निजी बसों की सुरक्षा व्यवस्था, चालक-परिचालकों के सत्यापन और महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।







