विदेश डेस्क, आर्या कुमारी।
नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्लोवाकिया के सर्वोच्च राजकीय सम्मान "द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस, फर्स्ट क्लास" से सम्मानित किया गया है। स्लोवाकिया की तीन दिवसीय यात्रा के दौरान उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान वहां के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी द्वारा एक विशेष समारोह में प्रदान किया गया।
यह सम्मान दोनों देशों के बीच लगातार मजबूत होते संबंधों तथा द्विपक्षीय सहयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में प्रधानमंत्री मोदी की भूमिका के सम्मान में दिया गया। समारोह में स्लोवाकिया के वरिष्ठ अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही, जहां भारत और स्लोवाकिया के बीच बढ़ती साझेदारी को भी रेखांकित किया गया।
सम्मान ग्रहण करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने स्लोवाकिया के राष्ट्रपति, सरकार और वहां की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनके लिए नहीं, बल्कि भारत के 1.4 अरब नागरिकों का सम्मान है, जिन्होंने देश को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने में योगदान दिया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह सम्मान भारत और स्लोवाकिया के बीच मौजूद विश्वास, आत्मीयता और मित्रता का प्रतीक है। उन्होंने दोनों देशों के संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि भविष्य में भी दोनों राष्ट्र विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को नई दिशा देंगे।
उन्होंने यह भी विश्वास जताया कि यह सम्मान आने वाली पीढ़ियों को भारत और स्लोवाकिया के बीच विशेष मित्रता को और सशक्त बनाने के लिए प्रेरित करेगा। उनके अनुसार, दोनों देशों के बीच विकसित हुए घनिष्ठ संबंध वैश्विक सहयोग और साझा विकास के नए अवसर पैदा करेंगे।
उल्लेखनीय है कि यह प्रधानमंत्री मोदी को प्राप्त होने वाला 33वां अंतरराष्ट्रीय अथवा वैश्विक सम्मान है। पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न देशों द्वारा उन्हें कई प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किए जा चुके हैं, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की बढ़ती भूमिका और प्रभाव को दर्शाते हैं।
इस सम्मान समारोह के बाद प्रधानमंत्री मोदी आज फ्रांस के एवियन शहर के लिए रवाना होंगे, जहां वह सात देशों के 52वें शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इस सम्मेलन में भारत एक भागीदार देश के रूप में शामिल हो रहा है और विभिन्न वैश्विक मुद्दों पर अपने विचार तथा दृष्टिकोण प्रस्तुत करेगा।







