नेशनल डेस्क , रानी कुमारी ।
नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार, 8 अगस्त को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह सुबह 11 बजे शुरू होगा।
इस वर्ष कुल 3,036 विद्यार्थी उपाधि प्राप्त करेंगे। इनमें 1,049 बीटेक, 567 एमटेक, 248 एमबीए, 243 एमएससी और 587 पीएचडी विद्यार्थी शामिल हैं। इस दीक्षांत समारोह में पहली बार बैचलर ऑफ डिजाइन (बीडीईएस), एग्जीक्यूटिव एमबीए, बायोलॉजिकल साइंसेज में एमएससी और कल्चर, सोसाइटी एंड थॉट में एमए कार्यक्रमों के पहले बैच के विद्यार्थी भी स्नातक होंगे।
समारोह के दौरान प्रधानमंत्री मेधावी विद्यार्थियों को संस्थान के सर्वोच्च सम्मान प्रदान करेंगे। इनमें राष्ट्रपति स्वर्ण पदक, निदेशक स्वर्ण पदक, शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक और परफेक्ट टेन स्वर्ण पदक शामिल हैं।
इस मौके पर प्रधानमंत्री IIT दिल्ली के सोनीपत परिसर में स्थापित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित उच्च-प्रदर्शन सुपरकंप्यूटिंग सुविधा ‘परम प्रज्ञा’ का उद्घाटन भी करेंगे। यह सुविधा संस्थान की एआई, डेटा साइंस, एडवांस्ड कंप्यूटिंग और अंतर-विषयक शोध क्षमताओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
IIT दिल्ली के निदेशक प्रो. रंगन बनर्जी ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि समारोह में केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी और नीति आयोग के सदस्य प्रो. अभय करंदीकर भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
संस्थान ने हाल ही में 18 राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (एनआईटी) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं, जिससे देशभर में शैक्षणिक और शोध सहयोग का एक नेटवर्क तैयार होगा।






