
नेशनल डेस्क,श्रेयांश पराशर |
Raipur Airport पर इंडिगो फ्लाइट में तकनीकी खराबी, पूर्व CM भूपेश बघेल समेत यात्री फंसे
दिल्ली से रायपुर आई इंडिगो की एक फ्लाइट में तकनीकी गड़बड़ी के कारण बड़ा हड़कंप मच गया। विमान का गेट लॉक हो जाने के चलते यात्रियों को करीब आधे घंटे तक विमान में ही फंसे रहना पड़ा। इस फ्लाइट में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौजूद थे।
सोमवार दोपहर करीब 2:25 बजे इंडिगो की फ्लाइट दिल्ली से रायपुर एयरपोर्ट पर लैंड हुई। सामान्य प्रक्रिया के तहत जैसे ही यात्री विमान से उतरने की तैयारी कर रहे थे, उसी दौरान तकनीकी कारणों से फ्लाइट का मुख्य दरवाज़ा लॉक हो गया। देखते ही देखते पूरे विमान में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों में बेचैनी और घबराहट का माहौल पैदा हो गया।
इस फ्लाइट में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधायक चातुरी नंद और रायपुर की महापौर मीनल चौबे भी सवार थे। इतने वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में भी एयरलाइन स्टाफ स्थिति को नियंत्रित करने में कुछ समय तक नाकाम नजर आया।
करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद तकनीकी टीम ने दरवाज़ा खोलने में सफलता पाई और फिर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि किसी यात्री को कोई शारीरिक नुकसान नहीं हुआ, लेकिन फ्लाइट में बंद रहने के कारण कई लोग घबराए नजर आए।
इस घटना के बाद इंडिगो की तकनीकी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर अपने अनुभव साझा किए और एयरलाइन से जवाब मांगा। फिलहाल इंडिगो की ओर से इस मामले पर आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन घटना ने विमान यात्रियों की सुरक्षा पर एक बार फिर बहस छेड़ दी है।