स्पोर्ट्स डेस्क, ऋषि राज
अहमदाबाद: आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटंस को निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 155 रन के स्कोर पर रोक दिया। अब खिताब जीतने के लिए आरसीबी को 156 रन का लक्ष्य मिला है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे इस महामुकाबले में बेंगलुरु के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही गुजरात के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा और नियमित अंतराल पर विकेट चटकाते रहे।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन 12 रन और कप्तान शुभमन गिल 10 रन बनाकर जल्दी पवेलियन लौट गए। दोनों विकेट गिरने के बाद गुजरात की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और टीम लगातार दबाव में आ गई।
मध्यक्रम में नितीश सिंधु ने 20 रन और जोस बटलर ने 19 रन का योगदान दिया, लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं हो सका। ऐसे समय में वॉशिंगटन सुंदर ने जिम्मेदारी संभालते हुए शानदार अर्धशतक जड़ा। सुंदर ने 37 गेंदों पर नाबाद 50 रन की पारी खेली और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
अंतिम ओवरों में अजमतुल्लाह खान ने 6 गेंदों पर 15 रन की तेज पारी खेलकर रन गति बढ़ाने की कोशिश की, जबकि राहुल तेवतिया, जेसन होल्डर और राशिद खान ने भी छोटे-छोटे उपयोगी योगदान दिए। इसके बावजूद गुजरात की टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी और 155 रन पर सिमट गई।
आरसीबी की ओर से युवा तेज गेंदबाज रसिख सलाम सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 27 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके। अनुभवी भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने दो-दो विकेट लेकर गुजरात की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। वहीं क्रुणाल पंड्या ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए एक विकेट हासिल किया।
गुजरात की टीम एक समय 100 रन के भीतर पांच विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन वॉशिंगटन सुंदर की संयमित बल्लेबाजी ने उसे पूरी तरह बिखरने से बचाया। हालांकि आरसीबी के अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण के सामने गुजरात का कोई भी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सका।
अब सभी की निगाहें आरसीबी की बल्लेबाजी पर टिकी हैं। विराट कोहली, रजत पाटीदार और जितेश शर्मा जैसे बल्लेबाजों से सजी बेंगलुरु की टीम के सामने आईपीएल ट्रॉफी जीतने के लिए 156 रन का लक्ष्य है। फाइनल का रोमांचक दूसरा अध्याय अब शुरू होने जा रहा है।






