SP स्वर्ण प्रभात ने 'पुलिस दीदी' को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना; स्कूल-कॉलेजों के पास मनचलों पर रहेगी पैनी नजर
लोकल डेस्क, राजीव कु. भारती ।
मोतिहारी (पूर्वी चम्पारण) | छात्राओं को भयमुक्त एवं सुरक्षित माहौल प्रदान करने के उद्देश्य से पूर्वी चम्पारण के पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वर्ण प्रभात ने पुलिस केंद्र, मोतिहारी से 'पुलिस दीदी' अभियान की विशेष टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर एसपी ने अभियान में शामिल पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को मुस्तैदी से कर्तव्यों का पालन करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
*स्कूल-कॉलेजों की छुट्टी के वक्त रहेगी विशेष निगरानी*
पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि जिले के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के आसपास, विशेषकर स्कूल खुलने और छुट्टी होने के समय पुलिस टीम द्वारा विशेष निगरानी रखी जाए। इस दौरान आवारा घूमने वाले असामाजिक तत्वों और मनचलों पर पैनी नजर रखने के साथ-साथ किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।
*छात्राओं में सुरक्षा की भावना बढ़ाना मुख्य उद्देश्य*
अभियान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा, " 'पुलिस दीदी' अभियान का मुख्य उद्देश्य स्कूल और कॉलेज जाने वाली छात्राओं को पूरी तरह से सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। सड़कों पर पुलिस की नियमित गश्त और सक्रिय उपस्थिति से छात्राओं में सुरक्षा का विश्वास मजबूत होगा, जिससे वे बिना किसी डर के अपनी पढ़ाई पूरी कर सकेंगी। वहीं दूसरी ओर, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।"
एसपी ने सभी संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नियमित रूप से पेट्रोलिंग सुनिश्चित करें।






