लोकल डेस्क, आकाश अस्थाना ।
तुर्की थाना के थानाध्यक्ष संदीप कुमार महतो और पारू थाना के थानाध्यक्ष चंदन कुमार को गंभीर लापरवाही के कारण SSP कांतेश कुमार मिश्र ने किया निलंबित।
मुजफ्फरपुर: जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर ने गंभीर लापरवाही और कर्तव्यहीनता के आरोप में दो थानाध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
औचक निरीक्षण के दौरान थाना तुर्की में कई गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं। जांच में पाया गया कि हत्या जैसे संगीन मामलों में सात माह बीतने के बावजूद न तो आरोपियों की गिरफ्तारी की गई और न ही न्यायालय से प्राप्त वारंट का निष्पादन किया गया। साथ ही स्वतंत्र गवाहों के बयान भी दर्ज नहीं किए गए थे।
इन गंभीर चूकों को देखते हुए थाना तुर्की के थानाध्यक्ष पु०अनि० संदीप कुमार महतो को कर्तव्य के प्रति लापरवाही, अकर्मण्यता एवं संदिग्ध आचरण के आधार पर सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर निलंबित कर दिया गया है।
इसके अलावा पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) की रिपोर्ट में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम से संबंधित जब्त सामग्रियों की सुरक्षा व्यवस्था में भी लापरवाही पाई गई।
वहीं, पुलिस महानिदेशक, बिहार के निर्देश पर पारू थाना कांड संख्या 334/25 की समीक्षा में भी गंभीर खामियां सामने आईं। इस मामले में थानाध्यक्ष पु०अनि० चंदन कुमार की भूमिका को असंतोषजनक पाते हुए उन्हें भी तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था और संवेदनशील मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







