UGC नए नियमों पर परमहंस आचार्य की पीएम से अपील, वापस न लेने पर इच्छा मृत्यु की मांग
नेशनल डेस्क, आर्या कुमारी।
अयोध्या: अयोध्या के जगतगुरु परमहंस आचार्य ने यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन (UGC) के नए नियमों के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इन्हें वापस लेने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि यदि सरकार इन नियमों को वापस नहीं लेती है, तो उन्हें इच्छा मृत्यु की अनुमति दी जाए। इस बयान के बाद राजनीतिक और शैक्षणिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
जगतगुरु परमहंस आचार्य ने अपने पत्र में स्पष्ट किया कि UGC के नए नियम समाज में अराजकता और असंतोष को बढ़ावा दे सकते हैं। उनका कहना है कि इन नियमों से निर्दोष लोगों को फंसाए जाने की आशंका है, जबकि झूठे मामलों में कार्रवाई नहीं होगी। इससे अपराध और आपसी टकराव बढ़ सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि जातिवाद के नाम पर समाज में विभाजन गहराएगा और लोग आपस में लड़ने लगेंगे। आचार्य ने प्रधानमंत्री से अपील करते हुए कहा कि देशहित में इन नियमों को तत्काल वापस लिया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि ऐसा नहीं होता है, तो वे 40 दिनों तक प्रतीक्षा करेंगे।
परमहंस आचार्य ने बयान में कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री और सरकार से देश को लेकर बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन नए नियमों से देश में अशांति और तनाव फैलने की आशंका है। उन्होंने इसे रोकने के लिए सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की है।
इधर, उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में भी UGC के नए नियमों के विरोध में डीडीयू विश्वविद्यालय के छात्रों ने प्रदर्शन किया। छात्रों ने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर एकत्र होकर नारेबाजी की और इन नियमों को सवर्ण छात्रों के खिलाफ बताते हुए सरकार से इन्हें वापस लेने की मांग की।







