स्टेट डेस्क, नीतीश कुमार
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में गुरुवार को एक बेहद ही हृदयविदारक और दर्दनाक सड़क हादसे में 3 महीने की मासूम बच्ची समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बिसंडा थाना क्षेत्र के ओरन रोड पर हुआ, जहां मौरंग (बालू) से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा पर पलट गया।
डीआईजी राजेश एस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मौरंग से भरा ट्रक जौनपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान ट्रक ने पहले एक सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भागने की कोशिश करने लगा। स्थानीय लोगों ने ट्रक का पीछा किया, जिसके बाद चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क पर चल रहे एक ई-रिक्शा के ऊपर पलट गया।
हादसा इतना भयावह था कि भारी ट्रक और मौरंग के नीचे दबकर ई-रिक्शा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग राहत कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों ने मौरंग और मलबे के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिला अधिकारी और डीआईजी समेत कई अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान दो और लोगों ने दम तोड़ दिया। बाद में एक अन्य घायल की भी मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई।
हादसे में घायल चार लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों में एक 3 महीने की बच्ची भी शामिल है, जिसे बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।







