नेशनल डेस्क, नीतीश कुमार।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) के 10 साल के सफर की तारीफ करते हुए इसे देश की डिजिटल भुगतान क्रांति में बड़ा बदलाव लाने वाली ताकत बताया है।प्रधानमंत्री ने कहा कि UPI का तेज विस्तार और व्यापक पहुंच हर भारतीय के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में UPI के पिछले 10 साल के सफर को याद किया और लोगों से अपने अनुभव साझा करने को कहा। उन्होंने पूछा कि इस डिजिटल भुगतान प्रणाली ने उनकी जिंदगी को किस तरह बदला है।
उन्होंने कहा,
“एक दशक पहले UPI की शुरुआत की गयी थी, जो भारत के डिजिटल भुगतान के सफ़र में एक बड़ा मोड़ साबित हुआ।”
उन्होंने कहा,
“UPI का विशाल विस्तार और पहुंच ऐसी चीज़ है, जिस पर हर भारतीय को गर्व होना चाहिए।” उन्होंने नागरिकों से अपने अनुभव साझा करने और यह बताने का आग्रह किया कि इस प्लेटफॉर्म का उनके रोजमर्रा के जीवन पर क्या असर पड़ा है।
डिजिटल भुगतान का अहम स्तंभ बना UPI
प्रधानमंत्री ने कहा कि UPI भारत के डिजिटल भुगतान अवसंरचना का अहम स्तंभ बनकर उभरा है। इसके जरिए उपयोगकर्ता मोबाइल एप्लिकेशन और दूसरे डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से बैंक खातों के बीच तुरंत पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं।
UPI के तेजी से विस्तार ने देशभर में लोगों, व्यवसायों और व्यापारियों के रोजमर्रा के लेन-देन के तरीके को बदल दिया है।
दुकानों से सड़क किनारे कारोबार तक आसान हुआ भुगतान
दी ने कहा कि बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों से लेकर आसपास की दुकानों और सड़क किनारे सामान बेचने वालों तक UPI ने डिजिटल और कैशलेस भुगतान को आसान और सुलभ बनाने में मदद की है।
स्मार्टफोन और इंटरनेट की पहुंच बढ़ने के साथ यह प्लेटफॉर्म बड़े शहरों से आगे बढ़कर छोटे कस्बों और ग्रामीण इलाकों तक भी पहुंच गया है।
डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना की बड़ी सफलता
सरकार अक्सर UPI को भारत के डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना और तकनीक आधारित, आर्थिक रूप से समावेशी अर्थव्यवस्था बनाने की कोशिशों की बड़ी सफलता के तौर पर पेश करती रही है।
मोदी की ये टिप्पणियां ऐसे समय आई हैं, जब सरकार डिजिटल वित्तीय सेवाओं के विस्तार और औपचारिक भुगतान प्रणाली तक पहुंच मजबूत करने पर लगातार जोर दे रही है। UPI अब भारत के व्यापक डिजिटल बदलाव में अहम भूमिका निभा रहा है।







.jpeg)