लोकल डेस्क, ऋषि राज।
रक्सौल : अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, रक्सौल शाखा द्वारा सामाजिक सेवा एवं मानवीय संवेदनाओं का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अमावस्या तिथि एवं पावन वट सावित्री व्रत के शुभ अवसर पर रक्सौल स्थित माहेर ममता निवास में आवासित विक्षिप्त एवं निराश्रित महिलाओं के बीच वस्त्र एवं खाद्य सामग्री का वितरण किया गया।
इस अवसर पर सम्मेलन की महिलाओं ने वहां उपस्थित मातृशक्ति के साथ आत्मीय संवाद स्थापित कर उन्हें सम्मान, स्नेह एवं अपनत्व का भाव प्रदान किया। सेवा, संवेदना एवं संस्कार से ओत-प्रोत इस कार्यक्रम ने समाज के प्रति मानवीय दायित्वों के निर्वहन का प्रेरक संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं भारतीय संस्कृति के प्रतीक स्वरूप माहेर ममता निवास परिसर में वट वृक्ष का पौधरोपण भी किया गया। उपस्थित महिलाओं ने वृक्षारोपण को पर्यावरण संरक्षण एवं भावी पीढ़ियों के प्रति अपनी जिम्मेदारी बताते हुए नियमित संरक्षण का संकल्प लिया।
इस मौके पर माहेर ममता निवास की सुप्रिया बोदरा ने समाज सेवा, नारी सम्मान, पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन रक्सौल इकाई की अनुकरणीय एवं प्रेरणादायी पहल की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
इस सेवा कार्य में वीणा गोयल, सोनू काबरा, शशि धनोठिया, संगीता रुंगटा, बबीता रुंगटा, शिखा रंजन, मधु अग्रवाल, सुनीता शाह, आशा केशान एवं अनुराधा शर्मा सहित अन्य सदस्याओं की सक्रिय एवं सराहनीय सहभागिता रही।







