स्टेट डेस्क, रानी कुमारी।
उत्तर प्रदेश। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रामनगरी अयोध्या को लेकर चुनावी वादों की झड़ी लगा दी है। अयोध्या में हाल ही में हुए दीपोत्सव के बाद दीयों से तेल बटोरते गरीब लोगों के वीडियो वायरल होने के बाद उन्होंने पहले मुफ्त राशन में सरसों का तेल देने का वादा किया। अब उन्होंने उसमें घी भी जोड़ दिया है। साथ ही उन्होंने राम मंदिर के दान में हुई कथित चोरी से लगी चोट को ठीक करने, श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ाने और स्थानीय कारोबारियों के नुकसान को कम करने के लिए कई कदम उठाने की घोषणा की है।
7 नवंबर 2026 को अयोध्या में दसवें दीपोत्सव का आयोजन हुआ। सरयू नदी के घाटों पर करीब 30 लाख मिट्टी के दीये जलाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया। कार्यक्रम के बाद सरयू घाट पर दीयों में बचा हुआ तेल इकट्ठा करते गरीब महिलाओं, बच्चों और लोगों के वीडियो सोशल मीडिया पर फैले।
अखिलेश यादव ने सोमवार को इन वीडियो को शेयर करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लिखा कि कुछ महीनों बाद वे अपनी ‘पीडीए सरकार’ बनाकर राशन में सरसों का तेल देंगे, ताकि किसी शोषित, वंचित और गरीब को तेल के लिए बेंत खाकर अपमानित न होना पड़े। बाद में उन्होंने वादा बढ़ाते हुए कहा कि सरकार में आने पर राशन में तेल के साथ घी भी दिया जाएगा, ताकि शरीर की पौष्टिक जरूरतें पूरी हो सकें।
अयोध्या के भाजपा महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने सफाई दी कि प्रशासन ने दीपोत्सव से पहले जरूरतमंदों को तेल और मिठाइयां बांटी थीं।
राम मंदिर दान विवाद और श्रद्धालुओं में कमी का मुद्दा
अखिलेश यादव ने राम मंदिर के दान में हुई चोरी का जिक्र करते हुए कहा कि इससे आस्थावान लोगों को चोट पहुंची है और श्रद्धालुओं की संख्या कम हो रही है। इसका सीधा असर स्थानीय कारोबारियों और अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। उन्होंने वादा किया कि सपा सरकार बनने पर इस चोट को दुरुस्त करने के लिए कई काम किए जाएंगे। मंदिर प्रबंधन में पारदर्शिता लाई जाएगी ताकि जनता का विश्वास फिर से बढ़ सके।
एआई से बने अयोध्या दीपोत्सव के वीडियो को शेयर करते हुए अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा—
“अयोध्या नगरी के मान-सम्मान की पुनर्स्थापना के लिए हम वचनबद्ध हैं।”
उन्होंने कहा कि अयोध्या को विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर देकर सनातन तीर्थाटन की वैश्विक राजधानी बनाया जाएगा। बाहरी ठेकेदारों से अयोध्या को मुक्त कराया जाएगा, जमीन और सर्कल रेट से जुड़े कथित घोटालों की जांच कराई जाएगी। स्थानीय नाविकों को पारंपरिक नौकायन के जरिए रोजगार दिया जाएगा। गरीब महिला या बच्चे को तेल बटोरते समय कोई अहंकारी बेंत मारकर अपमानित न कर सके, ऐसी अयोध्या बनाई जाएगी।







.jpeg)