लोकल डेस्क, आर्या कुमारी।
दरौंदा: थाना क्षेत्र के सिरसांव झोर पुल से दक्षिण प्रस्तावित अग्निशमन विभाग के कार्यालय के निर्माण को लेकर गुरुवार को विभागीय अधिकारियों की टीम ने स्थल निरीक्षण किया। टीम झोर पुल के समीप पहुंची और उपलब्ध कराई गई भूमि का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीओ दरौंदा द्वारा उपलब्ध कराई गई भूमि की मापी कराई। मापी के बाद यह स्पष्ट हुआ कि भवन निर्माण के लिए कुल 28 डिसमिल भूमि की आवश्यकता है। हालांकि स्थल निरीक्षण में केवल 18 डिसमिल भूमि ही खाली पाई गई। शेष भूमि पर अतिक्रमण होने की बात सामने आई, जिसके कारण निर्धारित मानकों के अनुसार भवन निर्माण संभव नहीं हो पा रहा है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि उपलब्ध 18 डिसमिल भूमि पर अग्निशमन विभाग का कार्यालय भवन बनाना संभव नहीं है। इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट सीओ दरौंदा को सौंपी जाएगी तथा संबंधित विभाग को भी जानकारी दी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जेई रामबाबू कुमार, भवन निर्माण से जुड़े संवेदक तथा अग्निशमन विभाग की टीम के सदस्य उपस्थित रहे।







