लोकल डेस्क, मुस्कान सिंह।
रक्सौल : दीपावली के पावन अवसर पर रक्सौल स्थित माहेर ममता निवास में सेवा, संवेदना और मानवता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। यहां रक्सौल के अनुमंडल पदाधिकारी नागमणि वर्मा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद और रक्सौल थाना इंस्पेक्टर रमेश कुमार महतो ने अपने परिवार के साथ निवास में रह रही बेसहारा महिलाओं के बीच दीपावली मनाई।
इस अवसर पर अधिकारियों और उनके परिजनों ने सभी महिलाओं के बीच मिठाइयां बांटीं। साथ ही उन्हें उपहार स्वरूप सोने की सामग्री भेंट की और आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया। अपने परिवार से दूर रह रहीं महिलाओं के चेहरों पर इस दौरान खुशी और अपनापन साफ झलक रहा था।
अधिकारियों ने कहा कि दीपावली केवल अपने घर में दीप जलाने का पर्व नहीं है, बल्कि उन लोगों के जीवन में भी खुशियों का उजाला फैलाने का अवसर है, जिन्हें अपनों के साथ और सहारे की जरूरत है। त्योहार की वास्तविक खुशी तभी है, जब हम जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटें और उनके जीवन में अपनापन महसूस कराएं।
माहेर ममता निवास के परियोजना प्रभारी बिरेन्द्र कुमार एवं माहेर परिवार की ओर से सभी अतिथियों का आरती उतारकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों और उनके परिजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह आयोजन इस बात का संदेश दे गया कि त्योहारों की असली खुशी दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाने में है। सचमुच, जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटना ही दीपावली की सच्ची भावना और मानवता का सबसे सुंदर रूप है।







